भोपाल / टीकमगढ़ जिले के थाना दिगोड़ा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती करते हुए 419.1 किलोग्राम अफीम फसल (कीमत ₹45 लाख से अधिक) जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। SP के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई।
थाना दिगोड़ा पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम प्रतापपुरा क्षेत्र में एक खेत में गेहूं की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा संज्ञान लेते हुए एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए ।
निर्देशानुसार गठित पुलिस टीम द्वारा थाना प्रभारी दिगोड़ा एवं पुलिस बल के साथ ग्राम प्रतापपुरा स्थित बताए गए स्थान पर छापामार कार्रवाई की गई । जांच के दौरान आरोपी धंसा केवट पिता जूजू केवट (उम्र 65 वर्ष) निवासी प्रतापपुरा के कब्जे के कृषि क्षेत्र “मालन का हार” में गेहूं की फसल के बीच अवैध रूप से लगाए गए अफीम के पौधे पाए गए।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर अफीम के पौधों (जड़, तना एवं पत्तियों सहित) को विधिवत जप्त कर उनकी तौल की गई, जिसमें कुल लगभग 419.1 किलोग्राम अवैध अफीम कीमती लगभग ₹4513000 की फसल बरामद हुई। जप्ती की समस्त वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए आरोपी के विरुद्ध थाना दिगोड़ा में अपराध क्रमांक 55/2026 दर्ज कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध की गई इस प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए संबंधित पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा भी की गई है।

0 Comments