सागर-बंडा जहरीली शराब कांड का मास्टरमाइंड रवि लखेरा शार्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली


सागर/  जिले के बंडा में हुए चर्चित जहरीली शराबकांड के मुख्य आरोपी और अंतरराज्यीय शराब तस्कर रवि लखेरा को पुलिस ने बरायठा के जंगलों से एक शार्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। भागने के प्रयास के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कड़े निर्देशों के तहत जहरीली शराब के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी अपराधी को न बख्शने की मुहिम में यह बड़ी सफलता मानी जा रही है। बंडा क्षेत्र में हुई जहरीली शराब से हुई मौतों (16 की आधिकारिक पुष्टि) के पीछे इसी मास्टरमाइंड का हाथ बताया जा रहा है।
इंडस्ट्रियल केमिकल से बनाई थी जानलेवा शराब
पुलिस जांच और एफआईआर के अनुसार, रवि लखेरा ने ही बरेठी के लाइसेंसी शराब ठेकेदार मनीष उर्फ यशवंत लोधी और करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष चंदू राजा राजपूत (ततरवारा) को इंडस्ट्रियल केमिकल से सस्ती जहरीली शराब बनाने का फार्मूला दिया था। आरोपियों ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से ठीक पहले लगभग 50 पेटी नकली शराब तैयार कर सरकारी दुकान और गांव-गांव के अवैध ठिकानों पर सप्लाई की थी, जिससे यह भीषण त्रासदी हुई। 
केमिकल सप्लायर और डिस्टिलरी नेटवर्क पर कसता शिकंजा मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी है । 
 केमिकल सप्लाई की जांच: पुलिस यह पता लगा रही है कि लखेरा को इंडस्ट्रियल केमिकल कहां से और किस सप्लायर के जरिए मिलते थे।

 डिस्टिलरी कनेक्शन: इस एंगल पर भी जांच जारी है कि क्या आरोपी को किसी डिस्टिलरी से मदद या संरक्षण मिल रहा था। पैकिंग सिंडिकेट पर कार्रवाई: नकली शीशियां, ढक्कन, सरकारी होलोग्राम और फर्जी रैपर मुहैया कराने वाले पूरे सिंडिकेट को बेनकाब करने की तैयारी है।
कुख्यात अंतरराज्यीय अपराधी है रवि लखेरा
मूल रूप से छतरपुर जिले के महोबा का निवासी और हाल ही में उत्तर प्रदेश के ललितपुर (गंगापुरम कॉलोनी) में रह रहा रवि लखेरा एक कुख्यात शराब तस्कर है।

25 से अधिक आपराधिक मामले: आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में आबकारी एक्ट के लगभग 25 मामले दर्ज हैं।
पुरानी फरारी: वह वर्ष 2025 में सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में दर्ज आबकारी मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।
 पूर्व रिकॉर्ड: कुछ महीनों पहले ललितपुर पुलिस ने भी इसे अवैध शराब फैक्ट्री के संचालन के आरोप में गिरफ्तार किया था।

Post a Comment

0 Comments