सागर में पुलिस मुठभेड़: ₹30,000 का इनामी शराब माफिया मनीष लोधी व साथी घायल, 2 कट्टे बरामद

सागर/ थाना बड़ा एवं विनायका क्षेत्र के चर्चित जहरीली शराब प्रकरण के मुख्य आरोपी और ₹30,000 के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में मनीष लोधी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसका साथी आशीष साहू भागने की कोशिश में घायल हो गया। पुलिस ने मौके से दो देशी कट्टे, कारतूस और एक बेसबॉल बैट बरामद किया है।
3 बजे सेसई रोड घाटी पर हुआ सामना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जहरीली शराब कांड के बाद से ही फरार चल रहे मुख्य आरोपी मनीष लोधी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। बुधवार तड़के करीब 3 बजे मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी।

आत्मरक्षार्थ पुलिस ने चलाई गोली
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली मनीष लोधी के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास कर रहा उसका साथी आशीष साहू भी चोटिल होकर गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

हथियार व कारतूस जब्त
पुलिस ने घटनास्थल से आरोपियों के कब्जे से 02 देशी कट्टे, 05 खाली राउंड (खोखे) और 01 बेसबॉल डंडा जब्त किया है। मुठभेड़ के बाद दोनों घायल बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

वैधानिक कार्रवाई जारी
मामले में पुलिस द्वारा घटनास्थल का फोरेंसिक निरीक्षण, साक्ष्यों का संकलन और घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है। सागर पुलिस के अनुसार, प्रकरण में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई और विस्तृत विवेचना जारी है।

Post a Comment

0 Comments