NH-44 पर प्रशासन का बड़ा चाबुक: 20 से अधिक अवैध ढाबे और होटल जमींदोज, करोड़ों की सरकारी जमीन मुक्त, सागर में जिला प्रशासन की अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई

 

 एनएच-44 के किनारे शासकीय भूमि पर चला बुलडोजर, पलेथनी और बांदरी में 20 से अधिक अवैध ढाबे, होटल और टपरे जमींदोज, करोड़ों की बेशकीमती भूमि अतिक्रमण मुक्त 
सागर/ राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) के किनारे सरकारी जमीनों पर लंबे समय से काबिज अतिक्रमणकारियों और भू-माफियाओं के खिलाफ सागर जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत कलेक्टर  प्रतिभा पाल के सख्त निर्देशों पर शनिवार को बांदरी से लेकर मालथौन टोल टैक्स तक विशेष बेदखली अभियान चलाया गया।
भारी पुलिस बल और आधा दर्जनों बुलडोजरों-जेसीबी की मौजूदगी में चलाई गई इस मुहिम के दौरान हाईवे किनारे बने 20 से अधिक अवैध ढाबों, लग्जरी रेस्टोरेंट, होटलों और टपरों को ढहा दिया गया। इस कार्रवाई से NH-44 के किनारे स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की बेशकीमती शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है।

मैपिंग के आधार पर चिन्हित हुए थे निर्माण
प्रशासन द्वारा कार्रवाई से पूर्व पूरे क्षेत्र की जीपीएस मैपिंग और राजस्व सीमांकन कराया गया था। इसमें यह बात सामने आई कि कई संचालकों ने अपनी निजी जमीन की आड़ में हाईवे से सटी करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन पर पक्के व अस्थाई अवैध निर्माण कर लिए थे।
इन प्रमुख प्रतिष्ठानों पर चला बुलडोजर:
सौरभ होटल / सौरभ ढाबा (बांदरी): निजी जमीन की आड़ में शासकीय भूमि पर किया गया अवैध विस्तार पूरी तरह समतल किया गया।
न्यू बुंदेला ढाबा एवं बुंदेला ढाबा (पलेथनी): सरकारी जमीन पर निर्मित ढांचे को जेसीबी से ध्वस्त किया गया।
ओम साईं राम रेस्टोरेंट (पलेथनी): संचालक वीरेंद्र सिंह बुंदेला द्वारा किए गए अवैध निर्माण को जमींदोज किया गया।
राधा कृष्ण ढाबा (पलेथनी): संचालक राजू राजा एवं विक्रम सिंह बुंदेला के कब्जे से सरकारी भूमि मुक्त कराई गई।
हरियाणा होटल (पलेथनी): संचालक जावेद बिसरू द्वारा निर्मित अवैध व्यावसायिक ढांचे को ढहाया गया।
अन्य निर्माण: हाईवे किनारे वर्षों से जमे दर्जनों अस्थाई शेड, टपरे और अवैध कमर्शियल काउंटर भी मौके से हटा दिए गए।

संयुक्त टीम का बड़ा एक्शन
एसडीएम सतीश वर्मा के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में राजस्व विभाग, नगर परिषद बांदरी और पुलिस विभाग की एक विशाल संयुक्त टीम ने सुबह तड़के ही मोर्चा संभाल लिया था। कार्रवाई के दौरान बांदरी और मालथौन थाने का भारी पुलिस बल, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और नगर परिषद सीएमओ संजय समुंद्रे मौके पर मुस्तैद रहे, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
"सरकारी संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं को न्योता देने वाले और सरकारी जमीनों को दबाने वाले सभी अवैध निर्माणों के खिलाफ यह अभियान अनवरत जारी रहेगा।"
— प्रतिभा पाल, कलेक्टर, सागर

Post a Comment

0 Comments