सागर। सागर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक शैलेंद्र कुमार जैन प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण पहचान रखते हैं। वे अब तक लगातार चार बार विधायक चुने जा चुके हैं। उन्होंने भाजपा के टिकट पर वर्ष 2008, 2013, 2018 और 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज कर सागर विधानसभा क्षेत्र में नया राजनीतिक इतिहास रचा। सागर विधानसभा सीट से लगातार चार बार विजय हासिल करने वाले वे पहले विधायक हैं।
शैलेंद्र कुमार जैन अपनी सादगी, अलग वेशभूषा, सहज कार्यशैली और जनसंपर्क के लिए जाने जाते हैं। सागर ही नहीं, बल्कि प्रदेशभर में उनकी पहचान एक सक्रिय और जनता के बीच रहने वाले जनप्रतिनिधि के रूप में है। वे नियमित रूप से शहर के विकास कार्यों का निरीक्षण करते हैं और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकों के माध्यम से योजनाओं की प्रगति पर नजर बनाए रखते हैं।
उनके कार्यकाल में सागर शहर ने विकास की नई गति प्राप्त की है। शहर में सड़कों का व्यापक विस्तार, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास तथा आधुनिक शहरी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जिनमें सबसे चर्चित तालाब के बीच से निर्मित एलिवेटेड कॉरिडोर है, जिसे स्थानीय लोग शहर के लिए 'रामसेतु' के रूप में भी देखते हैं। इसके अलावा तालाब के चारों ओर विकसित सुंदर पाथवे, सौंदर्यीकरण, ट्रांसपोर्ट नगर सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार और अन्य कई विकास परियोजनाओं पर लगातार कार्य जारी है। मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य सेवा को और बेहतर बनाने के लिए वह प्रयास करते रहते हैं। धार्मिक कार्यों में भी उनकी एक अलग ही रुचि होती है। आज 20 साल पुराने सागर और अब के सागर में बहुत अंतर आ चुका है।
युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल मैदानों का विकास, स्टेडियमों का उन्नयन तथा वॉटर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में भी उल्लेखनीय प्रयास किए गए हैं। इन विकास कार्यों के कारण उन्होंने क्षेत्र की जनता के बीच अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई है।
जनता से उनका सीधा जुड़ाव उनकी सबसे बड़ी विशेषताओं में माना जाता है। वे अपना जन्मदिन हो या दीपावली, होली अथवा अन्य प्रमुख पर्व—अधिकांश अवसर जनता के बीच रहकर ही मनाना पसंद करते हैं। यही कारण है कि उन्हें एक जनप्रतिनिधि के साथ-साथ जनता का सहज और सुलभ नेता भी माना जाता है।
आज विधायक शैलेंद्र कुमार जैन अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर उनके समर्थक, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उन्हें शुभकामनाएँ दे रहे हैं तथा उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना कर रहे हैं।
Ashish rajak
The news Observer

0 Comments