सागर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में कलेक्टर संदीप जी आर ने परेड की सलामी लेकर ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात् मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन हुआ। इस अवसर पर सासंद लता वानखेडे, विधायक शैलेन्द्र जैन, महापौर संगीता सुशील तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, कमिश्नर अनिल सुचारी, उप पुलिस महानिरीक्षक सुनील पांडे, सीसीएफ रिपुदमन सिंह भदौरिया, पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जनसमुदाय एवं बडी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। कलेक्टर संदीप जी आर ने अपने संदेश में कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर जिले के सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नगर निगम सागर को राष्ट्रीय स्तर पर 10वीं, नगर पालिका परिषद रहली को 4वीं तथा नगर पालिका परिषद खुरई को 7वीं रैंक प्राप्त हुई है। शिक्षा के क्षेत्र में सत्र 2024-25 में कक्षा दसवीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम विगत वर्ष की तुलना में 15ः की बढ़ोतरी के साथ उत्कृष्ट रहा है। भूमि सुधार के क्षेत्र में आदिवासियों की 100 एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर भू-स्वामियों को सौंपी गई। सागर के इतिहास में पहली बार 699 तालाबों का सीमांकन पूर्ण कर उन्हें अतिक्रमण मुक्त रखने हेतु मुनारे स्थापित किए गए हैं। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 35 हज़ार 395 स्वीकृत आवासों में से 6 हज़ार 963 आवास पूर्ण हो चुके हैं। शहरी प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 के तहत 73 हज़ार 447 स्वीकृत आवासों में से 66 हज़ार 980 आवास पूर्ण हो गए हैं। साथ ही शहरी प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 अंतर्गत कुल 1 हज़ार 965 आवास स्वीकृत किये जा चुके है। स्वास्थ्य सेवाओं में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 13 लाख 70 हज़ार 768 आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं, जो कुल लक्ष्य का 86.60ः है। जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जलजीवन मिशन के अंतर्गत कुल 2 लाख 25 हज़ार 274 घरों में नल से जल उपलब्ध कराया जा रहा है। हम सभी मिलकर सागर को एक आदर्श जिले के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। विकसित मध्यप्रदेश के सपने को साकार करने का लक्ष्य जिलों से ही गुजरता है। आइए संकल्प लें कि हमारा जिला विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की आधारशिला बनेगा। हमारा संयुक्त सामर्थ्य एवं योजनाबद्ध प्रयास मध्यप्रदेश की शक्ति और पूंजी है। आप सबको इस अवसर पर पुनः स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं।
स्वाधीनता दिवस समारोह में परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रतीभा जैन के नेतृत्व में परेड सशस्त्र जेएनपीए, जिला पुलिस बल महिला सागर, पुलिस प्रशिक्षण बल पुरूष सागर, परेड नि-शस्त्र - 7 एमपी एनसीसी बालिका, 11 एमपी एनसीसी बालक, शौर्य दल सागर एवं पुलिस बैंड प्लाटून द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशप्रेम से ओत प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। सभी देश भक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों को दर्शकों ने काफी सराहा। कलेक्टर द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोक तंत्र सेनानियों को शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर संदीप जी आर ने उत्कष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुति करने वाले लिटिल स्टार शैलेष मेमोरियल स्कूल सागर, सीएम राइज एमएलबी क्रमांक 1 सागर एवं शास. उ.मा.वि. सागर की छात्र-छात्राओं एवं मार्च पास्ट में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित भी किया।

0 Comments