सागर/ सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने सागर सांसद लता वानखेड़े के साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश सहित सागर के कैंट क्षेत्र के नगर निगम में विलय का मुद्दा प्रमुखता से उठाया और इसमें आ रही विसंगतियों को दूर करने की मांग रखी।
विधायक ने कहा कि “सागर का कैंट क्षेत्र नगर निगम से लगा हुआ है और यहां की जनसंख्या 50 हजार से अधिक है। लंबे समय से कैंट क्षेत्र को नगर निगम में विलय करने की मांग की जा रही है। विलय न होने के कारण यहां के लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं और केंद्र एवं राज्य सरकार की अनेक योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके अतिरिक्त कैंट क्षेत्र में स्थित बंगले और खाली पड़ी भूमि का हस्तांतरण यदि शीघ्र किया जाता है तो नए विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध होगी और विकास के नए द्वार खुलेंगे।”
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने भी कहा कि कैंट क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिलने में विलय की देरी बड़ी बाधा है। उन्होंने रक्षा मंत्री से आग्रह किया कि इस प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आश्वासन दिया कि इस विषय पर राज्य सरकार और स्थानीय निकायों से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके।

0 Comments