विधायक एवं नगर निगम अध्यक्ष पहुंचे तीन बत्ती,मुख्य सड़क से हटवाया अतिक्रमण,पीली लाइन के पीछे सामान रखने की दी समझाइश

सागर / शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विधायक शैलेंद्र जैन और नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने सोमवार को कटरा स्थित तीन बत्ती क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम अमले के साथ सड़क पर अव्यवस्थित अतिक्रमण कर बैठे दुकानदारों से बात की समझाया ।

विधायक जैन और निगम अध्यक्ष अहिरवार ने कपड़ा व्यापारियों, मनिहारी दुकानदारों तथा हाथ ठेले वालों से अपील की कि वे अपनी दुकानें और ठेले सड़क की पीली लाइन के भीतर लगाएं। कई दुकानदारों का सामान उन्होंने स्वयं नगर निगम कर्मचारियों से हटवाकर पीली लाइन के पीछे रखवाया। उनके इस सकारात्मक रवैये को देखकर अनेक दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपना सामान व्यवस्थित ढंग से पीछे कर लिया।

इसके साथ ही जिन स्थानों पर टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहन पीली लाइन के बाहर खड़े पाए गए, उन पर चलानी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि शहर को अव्यवस्थित करने के बजाय निर्धारित नियमों का पालन करें।

विधायक जैन ने मौके पर उपस्थित नागरिकों से कहा कि "यह हमारा अपना शहर है। यदि हम सब मिलकर बनाई गई व्यवस्था का पालन करेंगे, तो सागर न केवल सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देगा बल्कि ट्रैफिक की समस्या भी दूर होगी और नगर की सभी व्यवस्थाएं बेहतर होंगी।"

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष विक्रम सोनी, पार्षद डब्बू साहू, समाजसेवी प्रासुख जैन और अनिल लालवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

Post a Comment

0 Comments