“अब भोपाल, जबलपुर जाने की आवश्यकता नहीं, डॉक्टर ईमानदारी से कार्य करें” – मंत्री गोविंद सिंह राजपूत
सागर / बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के तहत 160 स्लाइस सीटी स्कैन और 1.5 टेस्ला एम आर आई मशीन का लोकार्पण खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत एवं विधायक शैलेन्द्र जैन की उपस्थिति में हुआ।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि अब बुंदेलखंड के लोगों को सीटी स्कैन एवं एमआरआई जैसी जांच के लिए भोपाल या जबलपुर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। ये मशीनें संपूर्ण बुंदेलखंड के लिए वरदान सिद्ध होंगी। उन्होंने कहा कि “डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ पूरी ईमानदारी और लगन से पीड़ितों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें समुचित उपचार प्रदान करें। बीएमसी में अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं दिलाने के लिए हम कृतसंकल्पित हैं और सरकार के माध्यम से इसे और आगे बढ़ाया जाएगा।”
मंत्री ने कहा कि पहले का जमाना गया जब छोटी-छोटी बीमारियों के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। उन्होंने डॉक्टरों से आग्रह किया कि इन आधुनिक मशीनों का उपयोग और रखरखाव इस प्रकार करें कि ये वर्षों तक अपना कार्य करती रहें।
“बीएमसी को चिकित्सा क्षेत्र का सेंटर पॉइंट बनाएंगे” – विधायक जैन
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि आज सीटी स्कैन एवं एमआरआई मशीनों के लोकार्पण से बुंदेलखंड की स्वास्थ्य सुविधाओं में एक नया अध्याय लिखा जाएगा। उन्होंने बताया कि बीएमसी में जल्द ही प्राइवेट पार्टनरशिप योजना के माध्यम से कैथ लैब की स्थापना होगी और शीघ्र ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा कैंसर अस्पताल का भूमिपूजन होगा।
विधायक जैन ने कहा कि “हम सबका लक्ष्य है कि बीएमसी भविष्य में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा के क्षेत्र में सेंटर पॉइंट बने। बीएमसी के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर की लगन और कर्तव्यपरायणता के कारण बीएमसी लगातार आगे बढ़ रहा है। सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग एवं बीएमसी के सकारात्मक रवैये से सरकार द्वारा 125 सीटों से बढ़ाकर 150 की गई हैं, और अब इसे 250 सीटों तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। शीघ्र ही इसके लिए सरकार के समक्ष मांग रखी जाएगी।”
सतत प्रगति की ओर बीएमसी
डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने स्वागत भाषण में बताया कि जनप्रतिनिधियों के लगातार सहयोग से बीएमसी निरंतर प्रगति कर रहा है। शीघ्र ही कैंसर अस्पताल एवं कैथ लैब की स्थापना से यह संस्थान एक जीवनदायिनी केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, अधिष्ठाता डॉ. पी.एस. ठाकुर, डॉ. राजेश जैन, डॉ. ममता तिमारे, डॉ. पुण्य प्रताप सिंह, डॉ. सौरभ जैन, डॉ. रमेश पांडे, डॉ. सृकति श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीष जैन ने किया तथा आभार डॉ. राजेश जैन ने व्यक्त किया।

0 Comments