डंपर ने पति पत्नी को कुचला, मौके पर मौत, करवा चौथ मना कर लौट रहे थे गांव, एक साथ उठी अर्थी लोगों की आंखों से छलके आंसू...

सागर / राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर शनिवार सुबह 9:30  बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा होगया । सुरखी के निर्माणाधीन ब्रिज के समीप डंपर की टक्कर से बाइक सवार (आरएसएस कार्यवाहक) की एवं उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक डंपर के नीचे जा फंसी और पति-पत्नी के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। घटना स्थल पर मौजूद लोग हादसे का मंजर देखकर दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सागर विभाग के विभाग कार्यवाहक और शासकीय शिक्षक अशोक दुबे उम्र (45) निवासी नाहरमऊ, अपनी पत्नी राधा दुबे के साथ सागर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ब्रिज के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही सुरखी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर जब्त कर पंचनामा तैयार कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, करवा चौथ के अवसर पर अशोक दुबे अपनी पत्नी के साथ सागर अपने बच्चों के यहां आए थे जो सागर में रहकर पढ़ाई करते हैं । शनिवार को गांव लौटते समय यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही नाहरमऊ गांव में मातम छा गया।

 पति-पत्नी की एक साथ उठी अर्थी लोगों की आंखों से झकके आंसू 

 ग्राम नाहर मऊ में शाम 4:00 बजे जब एक साथ पति-पत्नी की अर्थी उठी तो जिसने भी यह नजारा देखा उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े । एक दिन पहले ही मृतक पत्नी राधा ने अपने पति अशोक की लंबी उम्र की कामना के लिए करवा चौथ का व्रत रखा था और दूसरे दिन हादसे में इस तरह मौत होने से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है । 

Post a Comment

0 Comments