विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में गौर उत्सव का मुख्य समारोह
विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में मुख्य समारोह 10.30 बजे से आयोजित होगा । अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा डॉ. गौर के चित्र पर पुष्प अर्पण के साथ मुख्य समारोह प्रारम्भ होगा । संगीत विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी जाएगी । कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं पूर्व आईपीएस कन्हैया लाल बेरवाल करेंगे एवं सारस्वत उद्बोधन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाय. एस. ठाकुर का होगा । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उच्चतम न्यायालय नई दिल्ली के माननीय न्यायमूर्ति सतीश चन्द्र शर्मा होंगे । गौर अतिथि के रूप में सागर लोकसभा की माननीया सांसद डॉ. लता वानखेड़े, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मध्य प्रदेश शासन के माननीय कैबिनेट मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, पूर्व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह ठाकुर, पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. गोपाल भार्गव, सागर शहर के विधायक माननीय शैलेन्द्र जैन, नरयावली विधायक माननीय प्रदीप लारिया एवं राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय नई दिल्ली के माननीय कुलपति प्रो. जी.एस. वाजपेयी उपस्थित रहेंगे।
पुस्तकों का विमोचन एवं पुरस्कार वितरण होगा, मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया जायेगा
मंचासीन अतिथियों द्वारा विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा लिखित पुस्तकों का विमोचन किया जायेगा । विभिन्न कक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी मंचासीन अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया जायेगा ।
सिंगल गर्ल चाइल्ड और दिव्यांग श्रेणी के एक-एक मेधावी विद्यार्थी को मिलेगी 25000 की राशि
विश्व के सर्वश्रेष्ठ दो प्रतिशत सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिकों की सूची में शामिल शिक्षकों का होगा सम्मान
गौर जयन्ती के दिन विश्व के सर्वश्रेष्ठ दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल विश्वविद्यालय के शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा । इस वर्ष से गौर पीठ के तहत प्राप्त दान राशि से सिंगल गर्ल चाइल्ड और दिव्यांग श्रेणी में स्नातक प्रथम वर्ष के एक-एक मेधावी विद्यार्थियों को अध्ययन जारी रखने हेतु आर्थिक सहायता के रूप में पचीस हजार रूपये एक मुश्त राशि प्रदान की जायेगी ।
सांस्कृतिक संध्या में विद्यार्थी देंगे प्रस्तुति, इंडियन आइडल के कलाकार भी सुर सजायेंगे
गौर समाधि प्रांगण में सायं 6:00 बजे से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया है जिसमें विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जायेंगी । इस आयोजन में इन्डियन आइडल के प्रसिद्द कलाकार शरद शर्मा और सुश्री वैशाली रैकवार भी अपनी संगीतमयी प्रस्तुति देंगे ।
यातायात, वाहन पार्किंग एवं प्रवेश व्यवस्था की रहेगी ऐसी व्यवस्था
विश्वविद्यालय सुरक्षा विभाग ने यातायात, वाहन पार्किंग एवं प्रवेश व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि पार्किंग व्यवस्था भूगर्भ शास्त्र परिसर, सुरक्षा विभाग, भूगोल विभाग, कंप्यूटर विभाग, प्राणी विज्ञान विभाग एवं स्टेट बैंक परिसर में की गई है ।

0 Comments