भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने सागर में सागर एवं सागर ग्रामीण जिले की संयुक्त बैठक सहित विभिन्न बैठकों को किया संबोधित




सागर/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को सागर के भाजपा संभागीय कार्यालय में सागर एवं सागर ग्रामीण जिले की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हर बूथ पर ऐतिहासिक विजय का लक्ष्य लेकर संगठन को मजबूत करने में जुटें। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के समय भी एसआईआर हुआ था। निष्पक्ष चुनाव के लिए एसआईआर आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश को अग्रणी राज्य बना रहे हैं। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बनाए संविधान से ही देश चल रह है और भारत आज विश्व का सबसे मजबूत लोकतंत्र बनकर दुनिया के सामने आया है। कांग्रेस पार्टी ने सत्ता की लालच में समाज को समाज से लड़ाने का कार्य किया, जबकि भारतीय जनता पार्टी समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। हेमंत खण्डेलवाल ने सागर एवं सागर ग्रामीण जिले के सांसद, जिला अध्यक्ष एवं विधानसभा चुनाव-2023 के प्रत्याशियों को संबोधित कर कोर ग्रुप की बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक के पूर्व संविधान दिवस पर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित कर संविधान की प्रति को नमन किया।
कार्यकर्ता जनता और सरकार के बीच की कड़ी बनकर कार्य करें
अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता और सरकार के बीच की कड़ी बनकर कार्य करें। कार्यकर्ता जब सरकार और जनता के बीच की कड़ी बनकर कार्य करेंगे तो लोगों की सभी समस्याओं का तुरंत समाधान होगा और भाजपा सरकारों की कल्याणकारी और जनहितैषी योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों को आसानी से मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता की चिंता करें, उनके कल्याण के लिए कार्य करें। पार्टी संगठन कार्यकर्ताओं की चिंता स्वयं कर रहा है। कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्य करें, उसकी चिंता करें। संगठन सभी कार्यकर्ताओं को समय-समय पर कार्य करने का अवसर अवश्य देता है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, यहां न तो कोई छोटा होता है और न ही बड़ा। सभी कार्यकर्ता समान होते हैं, सिर्फ दायित्व अलग-अलग होता है। इसलिए सभी कार्यकर्ता स्वयं की चिंता छोड़कर पार्टी संगठन और विचारधारा को आगे रखकर कार्य करें। आप सभी अपने संगठन को बंलंदियों तक पहुंचाने के लिए कार्य करें, ताकि भाजपा आने वाले सभी चुनावों में हर बूथ और हर मंडल को ऐतिहासिक महुमत से जीत सके। 
एसआईआर अभियान में मतदाताओं का सहयोग करें भाजपा कार्यकर्ता
खण्डेलवाल ने कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) निर्वाचन आयोग द्वारा पहली बार नहीं कराया जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू और स्वर्गीय इंदिरा गांधी के समय में भी निर्वाचन आयोग ने एसआईआर का अभियान चलाया था। यह प्रक्रिया हर 20-25 साल में निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए चलाया जाता है। इस अभियान में फर्जी मतदाताओं को चिन्हित किया जाकर उनका समाधान किया जाता है। भाजपा कार्यकर्ता एसआईआर के कार्य में जनता का पूरा सहयोग करें, ताकि किसी भी मतदाता को किसी प्रकार की समस्या न आने पाए। भाजपा कार्यकर्ता यह अवश्य देखें कि आपके बूथ, क्षेत्र में ऐसे किसी व्यक्ति का नाम तो नहीं है, जो वहां नहीं रहता। अगर ऐसा कोई संदिग्ध मतदाता का नाम मिलता है तो आपत्ति दर्ज कराएं। एसआईआर होने के बाद चुनाव और निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराया जा सकेगा।  

सरदार पटेल पीएम होते तो भारत आज अमेरिका-चीन के समकक्ष खड़ा होता
 उन्होंने ने कहा कि आजादी के बाद अगर देश के पहले प्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल होते तो भारत आज अमेरिका और चीन के समकक्ष खड़ा होता। भारत को वैश्विक महाशक्ति और विश्व गुरू बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी जैसे नेतृत्वकर्ता ही भारत को वर्ष 2047 तक विश्व गुरू बना सकते हैं। इसलिए हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को मिलकर पार्टी संगठन को इतना मजबूत बनाना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसा नेतृत्व देश को संभालता रहे। देश को सुरक्षित और मजबूत बनाए रखने के लिए भाजपा की सरकारें आवश्यक हैं। कांग्रेस पार्टी ने अजादी के बाद 70 साल तक कुछ नहीं किया। कांग्रेस ने सिर्फ सत्ता के लालच में समाज को आपस में लड़ाने का कार्य किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। आने वाले वर्षों में भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। मोदी जी सभी समाज वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं, यह बात पार्टी कार्यकर्ता जन-जन पहुंचायें।

जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल का सागर में रोड शो के दौरान जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। रोड शो मोती नगर चौराहे से प्रारंभ होकर बी एस जैन बंगला, शीतला माता चौरहा, सागर सरोज चौराहा, संविधान चौक होते हुए भाजपा संभगीय कार्यालय पहुंचा। संविधान चौक पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने संविधान दिवस पर संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। रो शो के मार्ग के दोनों तरफ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और संगठनों ने मंच लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल का स्वागत किया। स्थानीय निवासियों ने अपने घरों से पुष्पवर्षा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सभी का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सागर प्रवास के सागर प्रवास के दौरान मीसाबंदी व उनके परिवार जनों से भेंट की वहीं योगाचार्य विष्णु आर्य के निवास पहुंचकर उनका सम्मान किया। डॉ. हरिसिंह गौर की जयंती पर डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

बैठक को प्रदेश महामंत्री व संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे एवं जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी संबोधित किया। बैठक के दौरान प्रदेश शासन के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, नंदिता पाठक, प्रदेश महामंत्री व सांसद लता वानखेड़े, प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक गोपाल भार्गव, भूपेन्द्र सिंह, विधायक शैलेन्द्र जैन, प्रदीप लारिया, बृजबिहारी पटैरिया, वीरेन्द्र सिंह लोधी, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित जनप्रतिनिधि, एसआईआर के जिला संयोजक, बी.एल.ए-1 एवं एस.आई.आर. के मंडल प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला कार्यालय मंत्री देवेंद्र कटारे एवं आभार सागर ग्रामीण जिला अध्यक्ष रानी पटेल कुशवाह ने व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments