जनगणना महाअभियान का शुभारंभ 1 मई से, तीन चरणों में होने वाली गणना का कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए करें, स्वगणना पोर्टल के माध्यम से नागरिक जानकारी अपडेट कर सकेंगे - कलेक्टर संदीप जी. आर.



 
सागर/ जनगणना का सभी कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए करें एवं स्व गणना पोर्टल के माध्यम से नागरिक अब अपनी जानकारी अपडेट कर सकेंगे। साथ ही डेटा कलेक्शन पूरे विश्वास के साथ करें। उक्त जानकारी कलेक्टर  संदीप जी. आर. ने जनगणना–2027 जिला स्तरीय अधिकारियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण में दी।
कलेक्टर संदीप जी. आर. ने बताया कि जनगणना 2027 का कार्य तीन चरणों में होना है, जिसमें सर्वप्रथम 1 मई से मकानों की गणना की जाएगी। इसी प्रकार आगे के दो चरण होंगे। उन्होंने कहा कि प्रगणकों को नियुक्त किया जाएगा, उनका प्रशिक्षण विस्तार से दिया जाए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर  अविनाश रावत, समस्त एसडीएम, तहसीलदार, चार्ज अधिकारी  पी. एल. प्रजापति, मास्टर ट्रेनर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

राज्यस्तरीय मास्टर ट्रेनर  शिवांशु कुमार एवं  पवन कुमार ने बताया कि अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, चार्ज जनगणना अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। घर-घर डेटा संग्रहण के लिए अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। मोबाइल एप के माध्यम से होगा डिजिटल सर्वे। अधिकारियों ने कार्यप्रणाली, प्रगणक और पर्यवेक्षक के दायित्वों की जानकारी दी।

कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में जनगणना 2027 की आवश्यक जानकारी देते हुए राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर  शिवांशु कुमार एवं  पवन कुमार ने बताया कि जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को भारत की जनगणना के संबंध में संक्षिप्त परिचय एवं नीति निर्माण सहित जनगणना 2027 के मुख्य बिंदुओं एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण कर्ता अधिकारियों द्वारा सभा कक्ष में उपस्थित जिले के समस्त अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, चार्ज जनगणना अधिकारी (तहसीलदार), जिला सूचना अधिकारी को प्रक्रिया में आंकड़ों की सटीकता के महत्व आदि की जानकारी विस्तार पूर्वक दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना 2027 के दौरान डेटा संग्रह और उसकी जांच की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि आंकड़ा संग्रहण करने के लिए प्रगणक द्वारा घर-घर जाकर स्वयं के मोबाइल फोन में एप के माध्यम से जानकारी एकत्रित करना तथा स्वगणना (एसई) पोर्टल के माध्यम से जानकारी का एकत्रीकरण किए जाने के संबंध में भी अवगत कराया गया। स्वगणना पोर्टल के माध्यम से नागरिक जानकारी अपडेट कर सकेंगे, जिसे बाद में प्रगणक द्वारा सत्यापित कर सबमिट किया जाएगा। इसी प्रकार प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को प्रगणक और पर्यवेक्षक के कार्य प्रवाह के संबंध में भी विस्तार पूर्वक समझाया गया। राज्यस्तरीय मास्टर ट्रेनर  शिवांशु कुमार एवं  पवन कुमार ने बताया कि पूरी जनगणना प्रक्रिया के दौरान प्रशिक्षण, एचएलबी की पहचान तथा लेआउट मैप, डेटा संग्रहण एवं सत्यापन, डेटा सिंक एवं पर्यवेक्षण तथा समापन और प्रमाणन प्रक्रिया का अनुपालन किया जाएगा।

बैठक के दौरान प्रगणकों के मुख्य कर्तव्यों से भी उपस्थित अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसमें प्रशिक्षण, मोबाइल एप के उपयोग, मकान सूचीकरण, एचएलबी का लेआउट तैयार करना, एचएलओ एप के माध्यम से डेटा एकत्रित करना सहित पूर्ण कवरेज सुनिश्चित करने जैसे घटकों की जानकारी दी गई। राज्यस्तरीय मास्टर ट्रेनर  शिवांशु कुमार एवं  पवन कुमार ने बताया कि इसी प्रकार पर्यवेक्षकों के मुख्य कर्तव्यों से अवगत कराते हुए बताया गया कि सुपरवाइजर ऐप और फील्ड निरीक्षण के माध्यम से प्रगणक के डेटा की निगरानी, फील्ड कार्य के दौरान प्रगणक को इस कार्य से संबंधित कोई समस्या आए तो उसका निराकरण जैसी अन्य जानकारी भी प्रदान की गई।

जनगणना 2027 में स्व-गणना पोर्टल (SE पोर्टल), मोबाइल एप (HLO APP) के माध्यम से आंकड़ों का संकलन किया जाएगा। इसी क्रम में मकान सूचीकरण ब्लॉक क्रिएटर (HLBC) वेब पोर्टल के माध्यम से मकान सूचीकरण ब्लॉक का सृजन की कार्ययोजना है। जनगणना प्रबंधन और निगरानी प्रणाली वेब पोर्टल के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी। सागर की जिला स्तरीय टीम का प्रशिक्षण 17-18 फरवरी को ग्रामीण क्षेत्र के लिए और 19-20 को शहरी क्षेत्र की ट्रेनिंग का आयोजन किया जा रहा है।

CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar

Post a Comment

0 Comments