सागर/ राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 प्रदेश के 54 संभाग / जिला मुख्यालयों के परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जा रही है। उक्त परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों हेतु परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश के दौरान फिस्किंग एवं बायोमेट्रिक पहचान की नवीन प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस हेतु समस्त परीक्षार्थियों को अनिवार्य रूप से परीक्षा के 90 मिनिट पूर्व परीक्षा केन्द्रों पर उपस्थित होना हैं।
राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों हेतु परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश के दौरान त्रिस्तरीय नवीन जाँच प्रक्रिया (एचएचएमडी के माध्यम से तलाशी, प्रवेश पत्र की स्केनिंग, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण) प्रारंभ की गई । ट्रांसजेण्डर अभ्यर्थियों के पास विकल्प होगा कि वह अपनी फिस्किंग महिला अथवा पुरूष कर्मचारी से करवाना चाहते हैं। परीक्षार्थियों की दोनों सत्रो में त्रिस्तरीय जाँच की जाएगी, तत्पश्चात परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
इस परीक्षा हेतु संभागायुक्त कार्यालय में समस्त परीक्षा केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक, उड़नदस्ता प्रभारी, सुरक्षा अधिकारी आदि की बैठक आयोजित की गई । संभागयुक्त ने निर्देश दिए कि दिए कि राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा में आयोग द्वारा जारी समस्त निर्देशों का पालन किया जावे । परीक्षा में समस्त व्यवस्ताऐं हुनिश्चित की जावें । परीक्षा दिनांक 26 अप्रेल 2026 रविवार को शहर के 11 परीक्षा केंद्रों पर दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पारी की परीक्षा का वास्तविक परीक्षा समय प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक है । द्वितीय पारी की परीक्षा का वास्तविक परीक्षा समय दोपहर 02:15 बजे से सांय 04:15 बजे तक है । लोक सेवा आयोग,इंदौर द्वारा इस परीक्षा में पर्यवेक्षक महेंद्र सिंह भिलाला, सेवानिवृत आई.ए.एस. को नियुक्त किया गया है ।
इस परीक्षा हेतु जिला मुख्यालय सागर में 4262 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगें । ततसम्बंध में सागर संभाग के संभागायुक्त अनिल सुचारी ने शहर के परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षक, केंद्र प्रेक्षक, फ़लाईंग स्कॉड, पुलिस नोडल अधिकारी, बिजली विभाग व परीक्षा में संलग्न अधिकारियों को निर्देश दिए की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा, म.प्र. लोक सेवा आयोग की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षा होती है व इस परीक्ष के संचालन में किसी भी तरह की कोताही न बरती जावे । उन्होने उपस्थित समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए की परीक्षा से संबंधित समस्त तैयारी शनिवार तक पूर्ण कर ली जावे व आयोग के समस्त दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जावे ।
सामान्यतः परीक्षाओं में ऐसा पाया गया है कि परीक्षार्थी अपने कपड़ों, कफलिंक, धूप का चश्मा, इलेक्ट्रॉनिक/सेंसर युक्त चश्में, जूते-मोजे, हाथ के बैंड इत्यादि में नाना प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का प्रयोग करते है। अतः परीक्षा में किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के उपयोग को रोकने के लिए परीक्षा कक्ष में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश वर्जित होगा। परीक्षार्थी चप्पल व सेण्डल पहनकर आ सकते हैं। चेहरे को ढँक कर परीक्षा कक्ष में प्रवेश वर्जित होगा। परीक्षा में पेंसिल, रबर (इरेजर) व व्हाईटनर एवं एसेसरीज जैसेः- बालों को बांधने का क्लचर / बक्कल, सभी प्रकार की घड़ियाँ, हाथ में पहने जाने वाले मैटेलिक / चमड़े के बैंड, कमर में पहने जाने वाले बेल्ट, धूप में पहने जाने वाले चश्मे, पर्स/वॉलेट, टोपी, वर्जित है। हिजाब, पगड़ी, पल्ला, हाथ में बंधे धागे / बंधन व ताबीज़ का सम्मानपूर्वक सूक्ष्मता से परीक्षण किया जाएगा। धार्मिक धागे व महिलाओं के आभूषण (ज्वेलरी) उतारे नहीं जाएंगें।
परीक्षा कक्ष में वर्जित वस्तुएं इस प्रकार रहेंगी – 1. स्टेशनरी संबंधी सामग्री जैसेः- पेंसिल, रबर (इरेजर), व्हाइटनर, स्केल, बैग्स, पठन सामग्री। 2. आई.टी. गैजेट्स व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसेः- मोबाइल फोन, पेनड्राइव, कैल्कुलेटर, ब्लूटूथ, हैंडफी, डिजिटल घड़ी, स्मार्ट घड़ी, एनालॉग घड़ी, कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य कोई ऐसे उपकरण जो संचार उपकरण के रूप में उपयोग किए जाते हैं। 3. एसेसरीज़ जैसेः- बालों को बांधने वाले क्लचर / बक्कल, हाथ के बैंड / हाथ में पहने जाने वाले मैटेलिक बैंड / चमड़े के बैंड, कमर में पहने जाने वाले बैल्ट, कफलिंक, धूप का चश्मा, पर्स / वॉलेट, टोपी। 4. अन्य वस्तुएं जैसेः- चाबी, लाइटर्स / माचिस बॉक्स, किसी भी प्रकार के अस्त्र शस्त्र, शार्पनर, ब्लेड तथा अन्य कोई कीमती सामान साथ ही जूते-मोजे पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश निषिद्ध है। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों द्वारा पेंसिल, रबर (इरेजर) व व्हाईटनर का प्रयोग किया जाना पूर्णतः निषेध है।
अनुमत वस्तुयें हैं - ई-प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र, गोले बनाने हेतु निर्धारित स्याही का पेन, स्वयं का फोटोग्राफ (यदि आवश्यक हो), पानी की पारदर्शी बॉटल, दिव्यांग परीक्षार्थियों हेतु उनके लिए आवश्यक सामग्री, अन्य कोई सामग्री जो ई-प्रवेश पत्र में निर्दिष्ट हो।
आयोग की परीक्षा में निम्न में से कोई एक मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रस्तुत करने पर ही आवेदक को प्रवेश दिया जा सकेगा: मतदाता परिचय-पत्र, आधार कार्ड, ड्रायविंग लायसेंस, आयकर का पेन कार्ड, केन्द्र एवं राज्य सरकार एवं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, स्थानीय निकाय एवं अन्य नियोक्ताओं द्वारा जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान-पत्र, पासपोर्ट, फोटो सहित बैंक पासबुक, शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत परीक्षार्थियों के मामले में शिक्षण संस्था के प्रमुख द्वारा अधिकतम तीन वर्ष पूर्व तक जारी फोटो पहचान-पत्र, राजपत्रित अधिकारी द्वारा प्रमाणित नवीनतम फोटो परिचय-पत्र । फोटो परिचय पत्र द्वारा आवेदक की पहचान की पुष्टि न होने पर परीक्षार्थी को परीक्षा देने की अनुमति प्रदाय नहीं की जाएगी।
परीक्षा पर निगरानी रखने के लिए जिले में परीक्षा केन्द्रों हेतु आवश्यकतानुसार उड़नदस्ते गठित किए गए हैं । ये उड़नदस्ते परीक्षा के दिन परीक्षा केन्द्रा का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की सतत् निगरानी करेंगे और सुनिश्चित करगें कि परीक्षा केन्द्र में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश न करे, परीक्षा केन्द्रों के आस-पास अनावश्यक भीड़ का जमाव न हो, किसी भी परीक्षा केन्द में परीक्षा के लिए अनुचित साधनों का प्रयोग न हो तथा परीक्षा केन्द्र एवं आस-पास शांति व्यवस्था बनी रहे।
परीक्षा केंद्र इस प्रकार हैं: (1) शास. कन्या उत्कृष्ट महाविद्यालय (Part – B), बस स्टेंड के पास (2) शास. महाविद्यालय, बड़तुमा, मकरोनिया; (3) शास.आई.टी.आई. खुरई रोड; (4) ज्ञान सागर इंजीनियरिंग कॉलेज, नरसिंहपुर रोड (5) शास. उ. मा. वि., पुरानी सदर; (6) एडिना इंजीनियरिंग कॉलेज, भोपाल रोड (7) सरस्वती शिशु मंदिर, रिमझिरिया, शास. पॉलीटेक्निक के पास (8) शास. बालक उ. मा. विद्यालय, मोराजी, लक्षमीपुरा (9) बी.टी.आई.आर. टी. इंजीनियरिंग कॉलेज, नरसिंहपुर रोड (10) शास. कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, तिली रोड (11) शास. कन्या उत्कृष्ट महाविद्यालय (Part – A), बस स्टेंड के पास, रिमझिरिया, सागर ।

0 Comments