सागर/खुरई। पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में चोरी गए वाहनों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खुरई शहर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजिला ट्रैक्टर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार चोरी के ट्रैक्टर एवं दो मोबाइल फोन सहित लगभग 21 लाख 20 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बीना) जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सागर) नरेन्द्र सोलंकी तथा एसडीओपी खुरई प्रवीण अष्ठाना के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह दांगी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
दो ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट से शुरू हुई जांच
25 जुलाई 2026 को खुरई निवासी अरविन्द यादव ने थाना खुरई शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका स्वराज 735 ट्रैक्टर (एमपी-40-सीए-2836) तथा पड़ोसी वीरेन्द्र यादव का स्वराज 735 ट्रैक्टर (एमपी-40-एबी-6040), जिन्हें दोनों ने पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास अपने मकान के सामने खड़ा किया था, अज्ञात चोर रात में चोरी कर ले गए।
शिकायत के आधार पर थाना खुरई शहर में अपराध क्रमांक 219/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान की। पूछताछ में अंकुष उइके और संतोष उइके ने अपने साथी अनुराग उर्फ अन्नू मालवीय के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी के दोनों ट्रैक्टर शिवपुरी निवासी मोहर सिंह गुर्जर को बेचने के लिए दिए थे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहर सिंह गुर्जर के कब्जे से दोनों चोरी के ट्रैक्टर बरामद कर लिए।
रायसेन और विदिशा की वारदातों का भी हुआ खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने मई 2026 में जिला रायसेन के गैरतगंज से एक स्वराज 735 ट्रैक्टर तथा जुलाई 2026 में जिला विदिशा के खामखेड़ा से एक स्वराज 733 ट्रैक्टर भी चोरी किया था। पुलिस ने ये दोनों ट्रैक्टर भी बरामद कर लिए हैं। गिरोह से जुड़े अन्य मामलों में पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- अंकुष पिता रमेश उइके (21 वर्ष), निवासी क्रेशर बस्ती, अयोध्या नगर, थाना सूखी सेवनिया, भोपाल।
- संतोष पिता अशोक उइके (19 वर्ष), निवासी क्रेशर बस्ती, अयोध्या नगर, थाना सूखी सेवनिया, भोपाल।
- मोहर सिंह गुर्जर पिता कल्याण उर्फ कल्लू गुर्जर (40 वर्ष), निवासी ग्राम गांगुली, थाना सुरवाया, हाल फक्कड़ कॉलोनी, थाना फिजिकल, जिला शिवपुरी।
बरामद मशरूका
- स्वराज 735 ट्रैक्टर (एमपी-40-सीए-2836)
- स्वराज 735 ट्रैक्टर (एमपी-40-एबी-6040)
- स्वराज 735 ट्रैक्टर (एमपी-40-एसी-7914)
- स्वराज 733 ट्रैक्टर (एमपी-40-जेडजे-6595, लाल रंग)
- दो मोबाइल फोन
कुल अनुमानित कीमत : ₹21,20,000।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह दांगी, उप निरीक्षक अशोक उपाध्याय, उप निरीक्षक अरविन्द्र छारी (थाना कोतवाली, जिला शिवपुरी), सहायक उप निरीक्षक पदम सिंह दांगी, आरक्षक धरमदास कुशवाहा, धीरेन्द्र सिंह राजावत, साइबर सेल के सौरभ रैकवार, हेमेन्द्र सिंह, आरक्षक संजय जाट (थाना खुरई ग्रामीण), सीसीटीवी कंट्रोल रूम के आरक्षक प्रीतम शाक्य सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

0 Comments