सागर: सागर पुलिस ने लापता और अपहृत नाबालिग बच्चों की तलाश में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 7 दिनों के भीतर विशेष अभियान चलाकर 22 बच्चों को सुरक्षित ढूंढ निकाला है। पुलिस की टीमों ने मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी दबिश देकर इन बच्चों को खोजा और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक (SP) अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को बीएनएस और आईपीसी की संबंधित धाराओं में दर्ज मामलों पर त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए गए थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और नरेंद्र सोलंकी ने खुद हर केस की मॉनिटरिंग की और विशेष पुलिस टीमों का गठन किया।
साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों का पता लगाया और दूसरे राज्यों तक पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित बरामद किया। लंबे समय से अपने बच्चों की राह देख रहे परिजनों के सुपुर्द जब बच्चों को किया गया, तो उनके चेहरों पर खुशी लौट आई।
सागर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी बच्चा गुम होता है, तो बिना समय गंवाए तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में इसकी सूचना दें। सही समय पर मिली जानकारी से पुलिस को बच्चे तक पहुंचने में आसानी होती है।

0 Comments