बीएमसी के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को मिली 60 नर्सिंग सीटों की मंजूरी, दो साल के प्रयासों के बाद मिली बड़ी सफलता, बुंदेलखंड के विद्यार्थियों के लिए खुलेगा गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा का नया अवसर


सागर/  बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को 60 नर्सिंग सीटों की मंजूरी मिल गई है। वर्ष 2024 में प्रवेश पर रोक लगने के बाद कॉलेज में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, आवश्यक मापदंड पूरे करने और पुनः सीटें प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर के पिछले दो वर्षों से जारी प्रयासों और प्रशासनिक पहल के बाद संस्थान को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है।इस उपलब्धि से न केवल बीएमसी के शैक्षणिक विस्तार को गति मिलेगी, बल्कि सागर सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा प्राप्त करने का रास्ता भी आसान होगा। 

डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने इस उपलब्धि के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल के प्रति आभार व्यक्त किया है।बुंदेलखंड के विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभबीएमसी सागर बुंदेलखंड क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग में 60 सीटों की मंजूरी मिलने से क्षेत्र में नर्सिंग शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे। इसका लाभ सागर के अलावा दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा।अब इन जिलों के विद्यार्थियों को नर्सिंग शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने क्षेत्र के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान में ही बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।प्रशिक्षित नर्सिंग अमले की उपलब्धता से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूतीनर्सिंग शिक्षा के विस्तार का सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ने की उम्मीद है। 

60 सीटों के माध्यम से आने वाले वर्षों में प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की संख्या बढ़ेगी, जिससे बीएमसी सहित आसपास के शासकीय अस्पतालों को दक्ष नर्सिंग अमला उपलब्ध हो सकेगा। इससे मरीजों की देखभाल, उपचार व्यवस्था और अस्पतालों की सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।बीएमसी के मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ जैन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर के कुशल नेतृत्व और निरंतर प्रयासों से संस्थान को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि 60 नर्सिंग सीटों की मंजूरी बीएमसी के शैक्षणिक एवं चिकित्सीय विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा का अवसर मिलेगा और भविष्य में स्वास्थ्य संस्थानों को प्रशिक्षित एवं दक्ष नर्सिंग अमला उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

Post a Comment

0 Comments