तिली-बाघराज स्कूल को मिली नई सौगात, 1.19 करोड़ के नवीन भवन का लोकार्पण, विधायक ने किया नवीन भवन का लोकार्पण, 1 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे 6 अतिरिक्त कक्ष सहित प्राचार्य एवं कंप्यूटर कक्ष


सागर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिली-बाघराज को नई शैक्षणिक सुविधाओं की सौगात मिली है। लगभग 1.19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन विद्यालय भवन का लोकार्पण विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने किया। नवीन भवन में भूतल एवं प्रथम तल सहित कुल 7 कक्षों का निर्माण किया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने विद्यालय परिवार को नवीन भवन की बधाई देते हुए कहा कि जब भी वे विद्यालय में आए हैं, उन्हें यहां से आत्मीयता मिली है। उन्होंने विद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गौतम एवं शिक्षकों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

1 करोड़ रुपये से बनेंगे अतिरिक्त कक्ष

विधायक जैन ने बताया कि विद्यालय के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से विद्यालय में 6 अतिरिक्त कक्ष, एक प्राचार्य कक्ष एवं एक कंप्यूटर कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि तिली-बाघराज क्षेत्र का यह महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान है और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने विद्यालय परिसर में स्थित बावड़ी की सुरक्षा के लिए उसके ऊपर जाल एवं बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्यालय में बेहतर खेल मैदान एवं बास्केटबॉल कोर्ट विकसित करने के निर्देश भी दिए।

एक सप्ताह में मिलेगा फर्नीचर, संगीत शिक्षक की भी होगी व्यवस्था

विधायक ने नवीन भवन में एक सप्ताह के भीतर फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए विद्यालय में संगीत शिक्षक की व्यवस्था करने की बात कही।

विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए विधायक जैन ने कहा, “आपको संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा काम है और शत-प्रतिशत परिणाम देना आपका काम है।” उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा नहीं देते, बल्कि देश के भविष्य को आकार देने का कार्य भी करते हैं।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, वरिष्ठ समाजसेवी प्रकाश चौबे, कैलाश चौरसिया, पुरुषोत्तम चौरसिया, नितिन बंटी शर्मा, मनोज चौरसिया, विनय मिश्रा, भगत सिंह, अंकुश चौरसिया, ईई बी.एस. वर्मा सहित विद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गौतम एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन  शिवानी दुबे ने किया तथा आभार प्रदर्शन विद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गौतम ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments