सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) की शैक्षणिक सुविधाओं में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। यूजी-पीजी मेडिकल छात्रों, पैरामेडिकल एवं नर्सिंग विद्यार्थियों तथा शोधार्थियों की सुविधा के लिए कॉलेज में अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी की शुरुआत की गई है। एनआईसी द्वारा विकसित ई-ग्रंथालय सॉफ्टवेयर के माध्यम से शुरू हुई इस डिजिटल सुविधा से विद्यार्थियों को पढ़ाई, शोध और नवीनतम मेडिकल जानकारी तक आसान पहुंच मिल सकेगी।
ई-लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थी अब एक क्लिक पर हजारों राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल्स, डिजिटल किताबों और शोध-पत्रों को ऑनलाइन एक्सेस कर सकेंगे। खास बात यह है कि विद्यार्थी मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप के जरिए कहीं से भी इस सुविधा का उपयोग कर सकेंगे। इससे मेडिकल शिक्षा और शोध कार्य को अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान बीएमसी डीन डॉ. पी. एस. ठाकुर ने कहा कि ई-लाइब्रेरी के शुरू होने से बीएमसी के विद्यार्थियों को अध्ययन और शोध के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि एनआईसी का ई-ग्रंथालय सॉफ्टवेयर बाजार में उपलब्ध अन्य महंगे सॉफ्टवेयर की तुलना में किफायती होने के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस है।
उन्होंने बताया कि ई-लाइब्रेरी में पुस्तकों के इश्यू और जमा होने की जानकारी विद्यार्थियों को तत्काल ई-मेल और मोबाइल के माध्यम से प्राप्त होगी। वहीं, 15 दिन की निर्धारित समय-सीमा पूरी होने पर पुस्तक वापस करने के लिए स्वचालित अलर्ट भी मिलेगा। इससे लाइब्रेरी प्रबंधन के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए भी पुस्तक लेन-देन की प्रक्रिया आसान और पारदर्शी होगी।
बीएमसी के मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ जैन ने कहा कि डिजिटल युग में मेडिकल शिक्षा को लगातार अपडेट रखना बेहद जरूरी है। ई-लाइब्रेरी विद्यार्थियों को देश-दुनिया में हो रहे नवीनतम मेडिकल रिसर्च और अध्ययनों से सीधे जोड़ेगी। इससे विद्यार्थियों के ज्ञान का दायरा बढ़ने के साथ ही बीएमसी में उच्च स्तरीय शोध कार्य को भी गति मिलेगी।
ई-लाइब्रेरी के शुभारंभ के अवसर पर बीएमसी अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेश जैन, डॉ. रमेश पांडे, लाइब्रेरी प्रभारी अधिकारी डॉ. अमरनाथ गुप्ता, डॉ. शोभित तोमर, डॉ. दिनेश जैन, डॉ. आशीष जैन, डॉ. देवेंद्र अहिरवार, डॉ. नीरज गोस्वामी, प्रशांत झारिया, नम्रता दुबे, अवधेश दुबे, रतिराम सिलावट, योगेश शर्मा, नीलेश जैन, सीता दुबे सहित बड़ी संख्या में बीएमसी स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

0 Comments