खरगोन पुलिस की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: दुर्गम पहाड़ी में ड्रोन से पकड़ी अवैध खेती, 3 करोड़ का 60 क्विंटल गांजा जब्त

खरगोन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की संयुक्त टीम ने चैनपुर थाना क्षेत्र की हेलापड़ावा चौकी अंतर्गत ग्राम जामली और गुवाड़ा में दबिश देकर खेतों में अवैध रूप से उगाए जा रहे गांजे के 15,191 हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त गांजे का कुल वजन लगभग 59.74 क्विंटल (करीब 60 क्विंटल) आंका गया है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

नो-नेटवर्क ज़ोन में पुलिस का ‘ड्रोन स्ट्राइक’
सतपुड़ा की दुर्गम पहाड़ियों और मोबाइल नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में जारी इस अवैध कारोबार को बेनकाब करने के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण आरोपियों ने मक्के और अन्य फसलों के बीच गांजे के पौधे छिपा रखे थे। पुलिस ने जब ड्रोन कैमरों के माध्यम से हवाई सर्चिंग की, तो लहलहाते गांजे के खेत उजागर हो गए।
दो अलग-अलग खेतों में पुलिस की रेड
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर चैनपुर थाना बल और आसपास के अन्य थानों की संयुक्त टीम ने रणनीतिक रूप से दोनों स्थानों पर एक साथ दबिश दी:
ग्राम जामली: यहाँ मक्के की फसल की आड़ में उगाए गए गांजे के हजारों पौधे उखाड़े गए।
ग्राम गुवाड़ा: यहाँ भी दुर्गम पहाड़ी ढलान पर अवैध रूप से की जा रही गांजे की खेती को पुलिस टीम ने नष्ट कर जब्त किया।

दोनों स्थानों को मिलाकर कुल 15,191 गांजे के पौधे ज़ब्त कर मौके पर ही उनका पंचनामा बनाया गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

खरगोन पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद दोनों मामलों में संबंधित खेत स्वामियों और अवैध खेती में शामिल आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments