बंडा शराबकांड: एसपी का बड़ा एक्शन, थाना और दोनों चौकियों के 39 पुलिसकर्मी लाइन अटैच

सागर। जिले के बंडा क्षेत्र में हुए चर्चित जहरीली शराबकांड के करीब 15 दिन बाद पुलिस महकमे में अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की गई है। मामले में लापरवाही और कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुराग सुजानिया ने कड़ा रुख अपनाते हुए बंडा थाने सहित गूगरा और बरा चौकी में पदस्थ पूरे अमले पर गाज गिराई है। एसपी के आदेश पर एक साथ 39 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र (लाइन अटैच) भेज दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, लाइन अटैच किए गए 39 पुलिसकर्मियों में 2 उप निरीक्षक (SI), 23 प्रधान आरक्षक व कार्यवाहक प्रधान आरक्षक तथा 14 आरक्षक शामिल हैं। एक साथ इतने बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों को हटाने की कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है। सूत्र बताते हैं कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश न लगा पाने को लेकर यह अनुशासनात्मक कदम उठाया गया है।

नई नियुक्तियाँ, एएसआई राजेंद्र पांडे को गूगरा चौकी की कमान
क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को तत्काल पटरी पर लाने के लिए एसपी ने रक्षित केंद्र और जिले के अन्य थानों से नए बल की तैनाती कर दी है। फेरबदल के तहत गूगरा चौकी की कमान सहायक उप निरीक्षक (ASI) राजेंद्र पांडे को सौंपी गई है। इसके साथ ही नए अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाएं।

यह था पूरा मामला
गौरतलब है कि बंडा थाना क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से हुई घटना के बाद से ही स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे थे। घटना के बाद से ही वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की समीक्षा कर रहे थे। 15 दिनों की जांच और स्थिति के आकलन के बाद आखिरकार एसपी ने मैदानी स्तर पर यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर दिया।

Post a Comment

0 Comments