सागर। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन के प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि सागर नगर में सिटी बस सेवा का संचालन 20 अक्टूबर 2022 से शुरू किया गया था। इस सेवा के लिए 26 बसों का प्रावधान किया गया था और वर्तमान में अनुबंध के अनुसार बसों का संचालन किया जा रहा है।
अनुबंधानुसार बस सेवा चालू, लेकिन चुनौतियाँ बरकरार
मंत्री ने बताया कि फिलहाल बसों का संचालन नियत अनुबंध के अनुसार हो रहा है, लेकिन संचालन की भरपाई संबंधी कुछ आर्थिक समस्याएँ सामने आई हैं। इसके समाधान हेतु सागर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड के बोर्ड में निर्णय लिया जाएगा, जिसके बाद सेवा को पूर्णतः विधिवत एवं सुचारु रूप से संचालित करने के प्रयास किए जाएंगे। हालांकि, इसके लिए कोई निश्चित समय-सीमा बताना संभव नहीं है।
ई-बस सेवा की स्वीकृति, कार्यवाही जारी
विधायक जैन के प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने बताया कि द्वितीय चरण के अंतर्गत 14 अंतर्शहरी ई-बसों को स्वीकृति दी गई है। इन बसों के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, और अब अनुबंध निष्पादन के उपरांत ई-बस सेवा प्रारंभ की जाएगी।
विधायक जैन की चिंता
विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने प्रश्न के माध्यम से सागर नगर में सिटी बसों की स्थिति और भविष्य की योजनाओं को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि शहरी परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ और जनोपयोगी बनाना समय की मांग है, जिससे नागरिकों को सुलभ, सस्ती और टिकाऊ परिवहन सेवा मिल सके

0 Comments