सागर। जिला चिकित्सालय एवं बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक और अहम पहल की गई है। विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने जिला चिकित्सालय परिसर में निर्मित नवीन 100 बिस्तरों वाले विस्तार भवन का निरीक्षण किया और निर्माण की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है और मरीजों को अधिक सुविधा और त्वरित उपचार प्रदान करने में कारगर सिद्ध होगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक जैन को चिकित्सा अधिकारियों द्वारा भवन की संरचना, वार्ड की व्यवस्था, ऑक्सीजन लाइन, साफ-सफाई और मरीजों की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर क्षेत्रीय संचालक डॉ. नीना गिडियन, सीएमएचओ डॉ. ममता तिमोरी, सिविल सर्जन डॉ. आर.एस. जयंत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
16.63 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक
विधायक जैन ने बताया कि जिला चिकित्सालय के साथ-साथ शासकीय बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज परिसर में एक उच्च स्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का निर्माण कार्य भी प्रारंभ होने जा रहा है, जिसकी लागत लगभग 16 करोड़ 63 लाख रुपये आंकी गई है। इसका शिलान्यास भी आगामी 2 अगस्त को किया जाएगा। यह ब्लॉक गंभीर रोगियों के उपचार के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है, जिसमें आधुनिक चिकित्सा उपकरणों एवं आईसीयू की सुविधा उपलब्ध होगी।
2 अगस्त को उपमुख्यमंत्री करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
2 अगस्त, शनिवार को मध्यप्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री, साथ ही सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ला द्वारा इस नवीन 100 बिस्तरों वाले भवन का लोकार्पण और क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी अपेक्षित हैं।
लोकसभा के लिए तैयार हों व्यवस्थाएं: विधायक जैन
विधायक जैन ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से कहा कि लोकार्पण के दिन तक भवन की सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से तैयार रहें, ताकि लोकार्पण के तुरंत बाद मरीजों की भर्ती और इलाज का कार्य प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि सागर जैसे बड़े जिले के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में यह विकास मील का पत्थर साबित होगा।

0 Comments