25 को जैसीनगर आयेंगे मुख्यमंत्री करेंगे नमो फल उद्यान का उद्घाटन, दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती पर सुरखी मैं जनसभा को करेंगे संबोधित


सागर / पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती के अवसर पर 25 सितंबर को सुरखी विधानसभा के जैसीनगर में होगा आयोजन। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जैसीनगर पधारकर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और बरौदा सागर में प्रदेश के पहले नमो फल उद्यान का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सुरखी विधानसभा क्षेत्र के समस्त पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के निज निवास मातेश्वरी पर आयोजित हुई।

  मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अपने विचारों और सिद्धांतों से भारतीय जनसंघ को मजबूत किया, जो आज विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के रूप में स्थापित है। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने साबित किया कि भारतीय दर्शन में राजनीति से लेकर अर्थव्यवस्था तक हर समस्या का समाधान मौजूद है। उनकी अंत्योदय की अवधारणा आज भी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान का मार्ग प्रशस्त करती है। 

     मंत्री राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जैसीनगर आगमन के दौरान बरौदा सागर में नमो फल उद्यान का लोकार्पण होगा। उन्होंने आगे बताया कि एक पेड़ मां के नाम अभियान से प्रेरित इस उद्यान में अब तक 21 हजार फलदार पौधे रोपे जा चुके हैं, और भविष्य में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। यह उद्यान प्रदेश में अपनी तरह का पहला प्रयास है, जो पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें क्षेत्रवासी पं. दीनदयाल की जन्म जयंती के अवसर पर उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लेंगे। सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। 
मंत्री राजपूत ने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को बढ़ावा देकर हम देश को आत्मनिर्भर बना सकते हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकताओं एवं जिले व क्षेत्र के समस्त गणमान्य नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में जैसीनगर पहुंचकर कार्यक्रम को भव्य बनाने का आवाह्न किया। यह आयोजन पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सेवा पखवाड़े के माध्यम से समाज सेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर होगा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, डॉ. वीरेंद्र पाठक, डॉ. सुखदेव मिश्रा, ज्वाला खटीक सहित सुरखी विधानसभा और जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि, भाजपा मंडल अध्यक्ष, सभी युवा मोर्चा, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments