सागर/ लव जिहाद का विरोध करने वाले युवक ने ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना से तंग आकर गुरुवार दोपहर मालथौन वार्ड क्रमांक 4 निवासी मोहित पटवा (30) ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले मोहित ने दो वीडियो रिकॉर्ड किए, जिनमें उसने रश्मि पटवा, अनीश खान और सानिया खान पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए आत्महत्या का जिम्मेदार ठहराया। वीडियो में मोहित ने अनीश और सानिया खान पर हिंदू लड़कियों को धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए।
घटना के समय घर पर मोहित और उसकी पत्नी मौजूद थे। मां मायके महरोनी के पास कुमेड़ी गांव गई हुई थी, जबकि पिता और भाई मुंबई में कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, मोहित की पत्नी रसोई में चाय बना रही थी। जब वह चाय लेकर लौटी तो देखा कि मोहित छत के कुंदे से फांसी पर लटका हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया। पेंट की जेब से मोबाइल बरामद किया गया, जिसमें वीडियो मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना से आक्रोशित परिजन और हिंदू संगठनों एवं ग्रामीणों ने शुक्रवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग 44 हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। दोपहर 1 बजे शुरू हुआ यह प्रदर्शन देर शाम तक जारी रहा, जिससे नेशनल हाईवे पर दो से तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के दौरान भीड़ ने सना खान के भाई का टपरा भी गिरा दिया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर उपद्रव बढ़ने से रोक लिया।
आंदोलनकारी आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और उनके मकान तोड़ने की मांग कर रहे थे। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मानसून पुलिस के साथ खुरई और खिमलासा की पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है। एसडीएम मनोज चौरसिया ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

0 Comments