सागर / जिले की होनहार छात्रा महिमा लोधी ने शतरंज में अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होकर सागर संभाग का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। यह सफलता सागर कलेक्टर संदीप जी.आर. की पहल मिशन शतरंज के तहत विद्यालयों में दिए जा रहे प्रशिक्षण का प्रत्यक्ष परिणाम है।
संदीपनी विद्यालय एम.एल.बी. 1 की छात्रा महिमा लोधी ने सीहोर में आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में 7 में से 5.5 अंक प्राप्त कर अंडर-19 बालिका वर्ग में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि बालिका वर्ग में पूरे सागर संभाग से केवल महिमा का चयन हुआ, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
प्रतियोगिता के अंतिम चक्र में महिमा ने इंदौर की अंतर्राष्ट्रीय वरीयता प्राप्त खिलाड़ी आद्या जमींदार को बराबरी पर रोकते हुए अपने कौशल का परिचय दिया और मध्यप्रदेश की राष्ट्रीय टीम में चयन सुनिश्चित किया।
महिमा के कोच शुभम परेता ने जानकारी दी कि महिमा एक राष्ट्रीय वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं और अब वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में दिन में 5-6 घंटे तक अभ्यास कर रही हैं। इस उपलब्धि पर कलेक्टर संदीप जी.आर. ने महिमा को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

0 Comments