विधायक ने राज्यपाल से की भेंट, बोले - यदि तेंदूपत्ता तोड़ने वाले आदिवासी श्रमिकों को बीड़ी निर्माण में भी लगा दिया जाए तो उन्हें साल भर रोजगार मिलेगा

 
  
सागर / विधायक शैलेन्द्र जैन ने सोमवार को भोपाल स्थित राजभवन में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल से सौजन्य भेंट की । इस दौरान उन्होंने महामहिम को आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में तेंदूपत्ता एवं बीड़ी निर्माण से संबंधित रोजगार के महत्वपूर्ण विषय पर विस्तृत जानकारी दी तथा प्रदेश के आदिवासी समाज के हित में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया ।

विधायक जैन ने कहा कि तेंदूपत्ता उद्योग प्रदेश के लाखों आदिवासी श्रमिकों के जीवन-यापन से जुड़ा हुआ है अभी आदिवासी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रमिक तेंदूपत्ता तोड़ने का कार्य करते हैं और सीजन के बाद फ्री हो जाते हैं जिससे यह अन्य कार्यों में संलिप्त हो जाते हैं, यदि इन्हीं श्रमिकों को बीड़ी निर्माण में भी लगा दिया जाए तो साल भर उन्हें रोजगार उपलब्ध होगा और इन्हें एक अच्छी आय होने से यह अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने से बचेंगे। उचित सुधार एवं पारदर्शी व्यवस्था से न केवल इन श्रमिकों के हित सुरक्षित होंगे बल्कि ग्रामीण और वन क्षेत्रों के आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

महामहिम राज्यपाल ने विधायक जैन द्वारा रखे गए बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया और कहा कि आदिवासी समाज के हितों की रक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर विधायक जैन ने विश्वास व्यक्त किया कि शासन एवं राजभवन के मार्गदर्शन में आवश्यक सुधार शीघ्र किए जाएंगे, जिससे आदिवासी श्रमिकों को अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।

Post a Comment

0 Comments