सागर IG ने डायल 112 को हरी झंडी दिखाई किया रवाना, पुलिस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसे एकल सेवा के साथ लाइव लोकेशन ट्रैकिंग, वॉयरलेस से लेकर सभी मॉडर्न टेक्नोलॉजी से लैस होगी 112


सागर / आपात कालीन सेवा डायल 112 को हरी झंडी दिखाकर पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन सागर हिमानी खन्ना ने रवाना किया । लाइव लोकेशन ट्रैकिंग, वॉयरलेस से लेकर सभी मॉडर्न टेक्नोलॉजी से लैस 112 सेवा 15 से 20 मिनट में त्वरित सहायता पहुंचाएगी । इसमें पुलिस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसे एकल सेवा होगी । इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक, उप पुलिस महानिरीक्षक सागर रेंज सागर सुनील कुमार पांडे एवं पुलिस अधीक्षक सागर विकाश कुमार शाहवाल उपस्थित रहे।

डायल–112 सेवा को डायल–100 से अधिक व्यापक और आधुनिक बनाते हुए नागरिकों को त्वरित एवं एकीकृत आपातकालीन सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ किया गया है।
डायल–112 सेवा की प्रमुख विशेषताएँ सभी आपात सेवाएँ एक ही नंबर पर – पुलिस, एम्बुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की सहायता अब डायल–112 पर कॉल करने से प्राप्त होगी। आधुनिक एफ.आर.व्ही. वाहन – वाहनों में डैशबोर्ड कैमरा (अंदर एवं बाहर रिकॉर्डिंग हेतु) और बॉडी वॉर्न कैमरा उपलब्ध कराए गए हैं। फेस रिकग्निशन आधारित एम डी टी– ड्यूटी स्टाफ की उपस्थिति फेस लॉगिन से होगी तथा घटनाओं की पूरी कार्यवाही स्वतः रिकॉर्ड होगी। जीपीएस मॉनीटरिंग – सभी एफ.आर.व्ही. वाहनों की लोकेशन भोपाल स्थित स्टेट कमांड सेंटर में निरंतर ट्रैक होगी। घायलों हेतु स्ट्रेचर व्यवस्था – नये वाहनों में स्ट्रेचर व आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है ताकि घायल व्यक्तियों को तुरंत ले जाया जा सके। इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर अपग्रेड – भोपाल स्थित कमांड सेंटर को अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया गया है। सागर जिले में वृद्धि – पूर्व में जिले में 26 एफ.आर.व्ही. वाहन थे, जिन्हें बढ़ाकर अब 36 वाहन कर दिया गया है। क्षेत्रानुसार वाहन व्यवस्था – ग्रामीण क्षेत्रों हेतु बोलेरो नियो तथा शहरी क्षेत्रों हेतु स्कॉर्पियो-एन वाहन प्रदान किए गए हैं।


    पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन हिमानी खन्ना ने कहा कि “डायल–112 सेवा प्रदेश में आपात सहायता की रीढ़ बनेगी। इसका उद्देश्य है कि हर नागरिक को समय पर, सुरक्षित और पारदर्शी मदद मिल सके ”

   उप पुलिस महानिरीक्षक सागर रेंज, सुनील कुमार पांडे ने कहा कि  इस सेवा से पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी सभी आपातकालीन सेवाएँ एक ही नंबर से उपलब्ध होंगी। इससे समय की बचत होगी और जीवनरक्षा की संभावना बढ़ेगी।

   पुलिस अधीक्षक सागर, विकाश कुमार शाहवाल ने कहा कि “सागर जिले में 26 से बढ़ाकर 36 एफ.आर.व्ही. वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में तेज़ और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित हो सकेगी।”

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना संजीव उइके, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर लोकेश कुमार सिन्हा, उप पुलिस अधीक्षक रेडियो सुरेश कुमार मर्सकोले, रक्षित निरीक्षक सागर नीतेश वायकर डायल–112 में ड्यूटी करने वाला स्टाफ एवं अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।


 

Post a Comment

0 Comments