सागर/ कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीवाली का उत्सव सागर में पहली बार मनाया गया। इस मौके पर लाखा बंजारा झील के घाटों पर 1 लाख 11 हजार 111 दीप जलाये गये । सागर के चकरा घाट के घाटों पर शाम के वक्त जहां देखो वही दिए जगमगा रहे थे । बुधवार के दोपहर से निगम कर्मी, जनप्रतिनिधि, युवा, महिला, बुजुर्ग,वयस्क, हर वर्ग के लोग शामिल थे । मौका था नगर निगम द्वारा कार्तिक पूर्णिमा पर बनारस की तर्ज पर सागर में झील किनारे पहली बार देव दीपावली मनाने का । शाम 5 बजे से लोगों का यहां आना शुरू हो गया था, लोगों की संख्या बढ़ते बढ़ते स्थिति यह हो गई की चकरा घाट से लेकर गणेश घाट तक पैर रखने तक की जगह नहीं थी, 30000 से अधिक श्रद्धालु मौजूद थे । नगर निगम द्वारा शहर में पहली बार किए गए इस आयोजन के दौरान 30 मिनट तक रंग बिरंगी आतिशबाजी भी होती रही । इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजनों की प्रस्तुति भी दी गई । मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा ऐसा लग रहा है कि मानो आज ही भगवान राम वनवास से अयोध्या लौटे हो । शहर वासियों का आभार जताते हुए निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कहा यह आयोजन सागर की विशिष्ट संस्कृतिक पहचान बनेगा ।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने इस अवसर पर शहरवासियों को देव दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा देश त्यौहारों का देश है, जहां हर दिन कोई न कोई त्यौहार होता है जो हमारी समृद्ध, वैभवशाली संस्कृति की पहचान है। हमें हमारे सभी त्यौहार धूमधाम से मनाने चाहिए। सागर में आज यह उत्सव देखकर लग रहा है कि जैंसे हम बनारस घाट पर खड़े हों। बनारस की तर्ज पर नगर निगम द्वारा उत्सव की तैयारी की है, जो कि बहुत सराहनीय पहल है। राजपूत ने निगमायुक्त राजकुमार खत्री तथा नगर निगम के सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की कार्यक्रम होते रहे। इन कार्यक्रमों को हमारी सरकार भी प्रोत्साहित कर रही है। नगर निगम सागर द्वारा यह कार्यक्रम शहरवासियों के लिए किसी उपहार से कम नही है।
इस अवसर पर सागर सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि यह देव दीपावली वह उत्सव है जब देवताओं ने राक्षस के संघार पर धरती पर आकर दीप जलाये थे। आप सभी को देव दीपावली की अनंत शुभकामनाएं और बधाई। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, भाजपा नेता नेवी जैन सहित शहर के समस्त पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 Comments