आज विश्व मौसम विज्ञान दिवस 2026 के अवसर पर उन्नत मौसम उपकरण, पारंपरिक यंत्र एवं डिजिटल सेवाओं की जानकारी

 
सागर/ विश्व मौसम विज्ञान दिवस पर आज का विषय (Theme)- “Observing Today, Protecting Tomorrow” (आज का प्रेक्षण, कल की सुरक्षा)। इस अवसर पर मौसम विज्ञान कार्यालय, सागर द्वारा आमजन, किसानों, विद्यार्थियों एवं शोधकर्ताओं को मौसम अवलोकन, पूर्वानुमान एवं चेतावनी प्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई | विभाग द्वारा आधुनिक उपकरण एवं पारंपरिक मौसम उपकरण के कार्यप्रणालियों के बारे में जानकारी दी गई |

 उन्नत आधुनिक (Modern) उपकरण

 POM-01 सन–स्काई रेडियोमीटर

यह उपकरण सूर्य एवं आकाश से आने वाले सौर विकिरण को विभिन्न तरंग दैर्ध्य पर मापता है। वायुमंडल में उपस्थित एरोसोल कणों द्वारा प्रकाश के अवशोषण एवं प्रकीर्णन के आधार पर यह एरोसोल ऑप्टिकल डेप्थ (AOD) निर्धारित करता है, जो वायु गुणवत्ता एवं जलवायु अध्ययन में सहायक है।

 ब्लैक कार्बन मॉनिटरिंग इंस्ट्रूमेंट (BC-1054)

यह उपकरण ऑप्टिकल एब्जॉर्प्शन सिद्धांत पर कार्य करता है। वायु के नमूनों को फिल्टर पर एकत्र कर प्रकाश के अवशोषण के आधार पर ब्लैक कार्बन (कालिख) की सांद्रता मापी जाती है। यह प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं स्वास्थ्य प्रभावों के अध्ययन में महत्वपूर्ण है।

 लाइटनिंग लोकेशन नेटवर्क (LLN)

यह प्रणाली विभिन्न सेंसरों के माध्यम से बिजली गिरने से उत्पन्न विद्युत-चुंबकीय तरंगों को रिकॉर्ड करती है। समय एवं दिशा के विश्लेषण द्वारा बिजली गिरने का सटीक स्थान निर्धारित किया जाता है, जिससे त्वरित चेतावनी जारी की जा सकती है।

ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन / सेंसर
यह स्वचालित प्रणाली तापमान, आर्द्रता, वर्षा, वायु की गति एवं दिशा जैसे मापदंडों का रियल-टाइम डेटा प्रदान करती है, जिससे मौसम पूर्वानुमान अधिक सटीक एवं विश्वसनीय बनता है।
पारंपरिक (Conventional) मौसम उपकरण
विंड वेन (Wind Vane): हवा की दिशा बताता है।
एनीमोमीटर (Anemometer): हवा की गति मापता है।
थर्मामीटर (Thermometers): तापमान मापन हेतु उपयोगी।
बैरोमीटर (Barometer): वायुदाब मापता है, जिससे मौसम परिवर्तन का संकेत मिलता है।
वर्षामापी (Rain Gauge): वर्षा की मात्रा मापता है।
हाइग्रोग्राफ (Hygrograph): वायु की आर्द्रता का रिकॉर्ड रखता है।
थर्मोग्राफ (Thermograph): तापमान में निरंतर परिवर्तन को दर्ज करता है।

 लाइटनिंग प्रणाली एवं “दामिनी” ऐप

लाइटनिंग लोकेशन नेटवर्क से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर बिजली गिरने की घटनाओं का सटीक स्थान एवं समय ज्ञात किया जाता है। इसी प्रणाली से जुड़ा “दामिनी” मोबाइल ऐप उपयोगकर्ताओं को उनके वर्तमान स्थान के आसपास बिजली गिरने की जानकारी तथा लगभग 30–40 मिनट पूर्व चेतावनी प्रदान करता है। यह विशेष रूप से किसानों एवं खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी है।

मौसम संबंधी मोबाइल ऐप्स

“मौसम” ऐप: वर्तमान मौसम, पूर्वानुमान एवं चेतावनी संबंधी जानकारी प्रदान करता है।
“मेघदूत” ऐप: किसानों को कृषि मौसम आधारित सलाह प्रदान करता है।
“दामिनी” ऐप: बिजली एवं आंधी-तूफान से संबंधित पूर्व चेतावनी देता है।

 महत्वपूर्ण मौसम वेबसाइट्स

https://mausam.imd.gov.in – मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी
https://agromet.imd.gov.in – कृषि मौसम सेवाएँ
https://satellite.imd.gov.in – सैटेलाइट एवं रडार जानकारी

विभाग द्वारा आधुनिक उपकरणों, पारंपरिक यंत्रों, मोबाइल ऐप्स एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से सटीक एवं समयबद्ध मौसम सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं। “Observing Today, Protecting Tomorrow” की थीम के अनुरूप यह विभाग भविष्य की सुरक्षा हेतु वर्तमान में सटीक अवलोकन एवं पूर्वानुमान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।

CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar

Post a Comment

0 Comments