सागर के युवा ने यूके में लहराया परचम, लिबरल डेमोक्रेट्स पार्टी के उम्मीदवार के रूप में साउथबरो और विडवरो क्षेत्र के स्थानीय चुनाव में जीत हासिल की

सागर/ जब कोई भारतीय विदेशी धरती पर अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सफलता हासिल करता है, तो यह केवल उसके परिवार ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बन जाता है। भारत के अनेक प्रतिभाशाली लोगों ने दुनिया के विभिन्न देशों में अपनी पहचान बनाई है और अब इसी कड़ी में मध्यप्रदेश के सागर जिले के एक युवा का नाम भी जुड़ गया है।

सागर के मकरोनिया निवासी आशीष शुक्ला ने ब्रिटेन में लिबरल डेमोक्रेट्स पार्टी के उम्मीदवार के रूप में साउथबरो और विडवरो क्षेत्र के स्थानीय चुनाव में जीत हासिल कर न केवल यूके में रहने वाले भारतीयों बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि सागर शहर के लिए विशेष गौरव का विषय बनी हुई है।
आशीष शुक्ला वर्तमान में यूके में वरिष्ठ टेक्नोलॉजी एवं यूटिलिटी प्रोफेशनल के रूप में कार्यरत हैं। वे अपनी पत्नी सलोनी शुक्ला के साथ मिलकर ब्रिटेन में टेक्नोलॉजी और एआई आधारित व्यवसाय भी संचालित कर रहे हैं। आशीष, महान शिक्षाविद् Dr. Hari Singh Gour को अपना आदर्श मानते हैं।

उनकी इस सफलता पर उनके पिता आर.जी. शुक्ला, जो दूरसंचार विभाग सागर में उप महाप्रबंधक के पद पर रह चुके हैं, तथा माता गायत्री शुक्ला सहित पूरे परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

आशीष की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि विदेश में रहने के बावजूद वे अपनी भारतीय संस्कृति और संस्कारों से गहराई से जुड़े हुए हैं। उनके पिता के अनुसार, आशीष अयोध्या में 35 एकड़ भूमि पर एक आवासीय गुरुकुल का निर्माण करवा रहे हैं, जहाँ सभी वर्गों के बच्चों को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, योग और अध्यात्म की शिक्षा दी जाएगी। यह गुरुकुल प्राचीन भारतीय शिक्षा पद्धति पर आधारित होगा।

वहीं उनकी माता भावुक होकर बताती हैं कि आज भी जब वे लंदन में बेटे से मिलने जाती हैं, तो आशीष एयरपोर्ट पर उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेते हैं। यह उनके भारतीय संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों के प्रति गहरे सम्मान को दर्शाता है।

सागर के इस युवा की उपलब्धि न केवल युवाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि भारतीय संस्कृति और आधुनिक सफलता साथ-साथ चल सकती हैं।

Post a Comment

0 Comments