सागर में आगामी बकरीद (ईदुज्जहा) पर्व को लेकर जिला प्रशासन और प्रबुद्ध जनों ने मिलकर तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने सभी नागरिकों से पर्व को उत्साह, उमंग, शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। प्रशासन ने विश्वास जताया कि जिलेवासी पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी सामाजिक सौहार्द और सद्भाव की मिसाल प्रस्तुत करेंगे। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी एवं अफवाहों पर ध्यान न देने की समझाइश भी दी गई।
सागर जिले में बकरीद (ईद-उल-अजहा) का त्योहार शासन की गाइडलाइन एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही दिए गए निर्देशों, नियमों का पालन करते हुए, शांति, आपसी प्रेम और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने सहभागिता कर आवश्यक सुझाव दिए। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे।
कलेक्टर एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस पावन पर्व को पारंपरिक गरिमा, आपसी सम्मान और प्रेम भावना के साथ मनाएं। सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा करने से बचें तथा जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। त्योहार के दौरान शहर में हर जगह सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं दुरुस्त रहेंगी, ताकि किसी भी तरह की असुविधा का उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, एडिशनल एस पी लोकेश सिन्हा, सिटी मजिस्ट्रेट गगन बिसेन, एसडीएम अमन मिश्रा, सिटी एस पी ललित कश्यप सहित सभी थाना प्रभारी एवं जिला शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।
#CM #sagar

0 Comments