सागर / बण्डा वृहद सिंचाई परियोजना के अंतर्गत बण्डा बाँध के नाला क्लोजर का निर्माण कार्य इस समय युद्ध स्तर पर चालू है। परियोजना संचालक (बीना पी.एम.यू. जल संसाधन विभाग सागर) द्वारा दी गई अनुमति के बाद आगामी मानसून और वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के लिहाज से कदम उठाए जा रहे हैं। नाला क्लोजर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बाँध के जल भराव क्षेत्र में आने वाली भूमि, आबादी और अन्य परिसंपत्तियों का डूब में आना पूरी तरह सुनिश्चित है। इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने प्रभावित आबादी वाले क्षेत्रों को वर्षाकाल प्रारंभ होने से पूर्व अतिशीघ्र सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
31 मई तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य
परियोजना कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिट्टी बाँध का कार्य काफी हद तक पूरा किया जा चुका है और शेष बचे निर्माण कार्य को 31 मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। जल भराव के दौरान किसी भी विषम या आपातकालीन परिस्थिति से बचने के लिए प्रशासन ने मुस्तैदी बढ़ा दी है। संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं पुलिस अधिकारियों (तहसील बण्डा व मालथौन) को निर्देशित किया गया है कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर तय समय सीमा के भीतर प्रभावित परिवारों को पुनर्वासन कॉलोनियों में शिफ्ट कराना सुनिश्चित करें।
इन गांवों की आबादी होगी विस्थापित
परियोजना के डूब क्षेत्र से कुल 14 ग्रामों की आबादी प्रभावित हो रही है, जिन्हें मुख्य रूप से पुनर्वासन कॉलोनी ग्राम पनारी एवं ग्राम पिथौली में विस्थापित किया जा रहा है। बण्डा तहसील के अंतर्गत - बहरोल, उल्दन, सलैया खुर्द, पिपरिया इल्लाई, हनौता उवारी, बमूरा बिनैका, कुल्ल, किरोला, कोटिया और सेमरा अहीर और मालथौन तहसील के अंतर्गत - पहरगुवां, मुडिया गुसाई, पिथौली और नेतना गांव प्रभावित होगें।
आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष कुल 386 मकान/संरचनाएं प्रभावित हो रही हैं, जिनमें से 312 स्थायी और 74 अस्थायी प्रकृति की हैं। प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और कॉलोनियों में निर्माण की प्रक्रिया लगातार जारी है।
प्रशासन की अपील - विस्थापन में सहयोग करें
कलेक्टर प्रतिभा पाल एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने डूब क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामवासियों और मकानधारकों से अपील की है कि वे सुरक्षा को सर्वाेपरि मानते हुए प्रशासन की इस विस्थापन कार्रवाई में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें। समय रहते सुरक्षित स्थानों पर जाने से वर्षाकाल के दौरान होने वाली किसी भी संभावित असुविधा या खतरे से बचा जा सकेगा।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav #MP #sagar

0 Comments