स्वामी श्रीराजेन्द्र दास देवाचार्य जी महाराज एवं महंत राम अनुग्रह दास जी महाराज के सान्निध्य में 23 जुलाई को होगा “गुरु पूजन महा महोत्सव एवं आशीर्वचन समारोह” सागर में

सागर। गुरु-शिष्य परंपरा की गौरवशाली विरासत, सनातन संस्कृति के मूल्यों तथा आध्यात्मिक चेतना के संवर्धन के उद्देश्य से 23 जुलाई (गुरुवार) को सागर में “गुरु पूजन महा महोत्सव एवं आशीर्वचन समारोह” का भव्य आयोजन किया जाएगा। अजब श्री सेवा समिति, अजब धाम एवं मलूक पीठ परिवार, सागर संभाग (मध्यप्रदेश) के तत्वावधान में आयोजित यह समारोह तिली रोड स्थित होटल रॉयल पैलेस (किला कोठी) में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।
यह जानकारी आयोजन समिति के प्रमुख प्रमोद उपाध्याय ने पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए दोपहर 12 बजे से महाप्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था रहेगी।

कार्यक्रम में अनंत श्रीविभूषित, श्रीमज्जगद्गुरु द्वाराचार्य, श्रीअग्रपीठाधीश्वर एवं मलूकपीठाधीश्वर, परम पूज्य स्वामी श्रीराजेन्द्र दास देवाचार्य जी महाराज (श्री रैवासा-वृंदावन धाम) के श्रीमुख से गुरु महिमा, सनातन संस्कृति तथा आध्यात्मिक जीवन पर विशेष आशीर्वचन प्राप्त होंगे। वहीं महंत श्री राम अनुग्रह दास जी महाराज (छोटे सरकार) की गरिमामयी उपस्थिति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
बुंदेलखंड से उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब

आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव में सागर, दमोह सहित संपूर्ण बुंदेलखंड क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में गुरु पूजन, सत्संग, भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन, गुरु दीक्षा एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन जैसे विविध आयोजन होंगे। श्रद्धालुओं को गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व, भारतीय संस्कृति के आदर्शों तथा जीवन में आध्यात्मिकता की आवश्यकता पर संतों के प्रेरक विचार सुनने का अवसर मिलेगा।

गुरुदेव के स्वागत में सजेंगे मंगल द्वार, पुष्पवर्षा से होगा अभिनंदन

स्वामी श्रीराजेन्द्र दास देवाचार्य जी महाराज के सागर आगमन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह है। शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वागत की तैयारियां तेज हो गई हैं। अनेक स्थानों पर मंगल द्वार, स्वागत मंच एवं आकर्षक सजावट की जा रही है।

आयोजन समिति के अनुसार गुरुदेव के स्वागत की शुरुआत ग्राम चनाटोरिया से होगी। इसके बाद उनकी यात्रा बहेरिया, मकरोनिया, सिविल लाइन, तहसीली मार्ग सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल होटल रॉयल पैलेस, तिली रोड पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु आरती, पूजन एवं पुष्पवर्षा कर संत का स्वागत करेंगे। जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा। स्वागत यात्रा में बड़ी संख्या में शिष्य मंडल, संत प्रेमी एवं श्रद्धालु शामिल होंगे।

इच्छुक श्रद्धालुओं को दी जाएगी गुरु दीक्षा

आयोजकों ने बताया कि गुरुदेव महाराज की आज्ञा से इच्छुक श्रद्धालुओं को गुरु दीक्षा भी प्रदान की जाएगी। यह अवसर उन साधकों के लिए विशेष होगा, जो गुरु परंपरा से जुड़कर अपने आध्यात्मिक जीवन को नई दिशा देना चाहते हैं।

श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील

अजब श्री सेवा समिति, अजब धाम एवं मलूक पीठ परिवार ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि गुरु का सान्निध्य जीवन को सही दिशा प्रदान करता है तथा ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना का विस्तार होता है।

पत्रकार वार्ता में प्रमोद उपाध्याय, ऐश्वर्य पाठक, पंडित साचन शुक्ला, हनुमान मिश्र, सुमित अग्रवाल, तोषु पांडेय, सौरभ मिश्रा, मुकेश तिवारी, अंकित मिश्रा, प्रमोद पटेल सहित शिष्य मंडल के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments