सागर। जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर दूध और दूध से बने खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए लगातार औचक निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 8 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह ने मल्लापुरा, तुलसीनगर वार्ड स्थित कृष्णा इंटरप्राइजेस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फर्म से ‘गोवर्धन प्योर काऊ घी’ का खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नमूना लिया गया।

कार्रवाई के दौरान संदेह के आधार पर 500 एमएल के 36 जार, यानी कुल 18 लीटर घी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 हजार रुपये है, को जब्त कर सील किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक जब्त किए गए घी के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य और जीवन से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच में यदि खाद्य पदार्थ मानकों के विपरीत पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

#Sagar #MadhyaPradesh #FoodSafety #Ghee #MPNews