सागर। मध्यप्रदेश पुलिस के जवानों ने एक बार फिर अपनी तत्परता, साहस, टीम भावना और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए संभावित बड़ी रेल दुर्घटना को टाल दिया। मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर अचानक एक मालवाहक ट्रक बंद हो गया। इसी दौरान ट्रैक पर ट्रेन के आने की स्थिति बन रही थी।
दरअसल, 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर की QRF कंपनी दमोह के बांदकपुर मंदिर में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के लिए रवाना हो रही थी। इसी दौरान जवानों की नजर रेलवे ट्रैक के बीच फंसे मालवाहक ट्रक पर पड़ी। ट्रक पूरी तरह माल से लदा हुआ था और चालक उसे हटाने में असमर्थ था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए QRF जवानों ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाल लिया। भारी-भरकम ट्रक को हटाना आसान नहीं था, लेकिन जवानों ने एकजुट होकर पूरी ताकत लगाई और ट्रक को धक्का देना शुरू कर दिया।
जवानों के सामूहिक प्रयास और त्वरित कार्रवाई से ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटाकर सुरक्षित दूरी पर पहुंचा दिया गया। ट्रेन के आने से पहले ट्रैक खाली हो गया और संभावित बड़ी रेल दुर्घटना टल गई। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
वर्दी में सिर्फ ड्यूटी नहीं, इंसानियत भी मुश्किल घड़ी में QRF जवानों को मदद के लिए आगे आते देख ट्रक चालक ने उनका आभार व्यक्त किया। अचानक आई विपरीत परिस्थिति में जवानों ने बिना किसी औपचारिकता के उसकी मदद की और उसे सुरक्षित रहने के लिए ढांढस बंधाया।
यह घटना बताती है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है। किसी नागरिक का जीवन संकट में हो तो पुलिस जवान अपनी जिम्मेदारी से आगे बढ़कर उसकी सुरक्षा के लिए भी तत्पर रहते हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने की जवानों की सराहना
QRF जवानों की असाधारण तत्परता, साहस, एकजुटता और मानवीय संवेदनशीलता की पुलिस अधीक्षक/सेनानी, 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर अनुराग सुजानिया एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की।
वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में बिना समय गंवाए सूझबूझ और साहस के साथ की गई कार्रवाई पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को प्रदर्शित करती है।
समय पर लिया गया सही निर्णय, एकजुट प्रयास और मानव जीवन के प्रति संवेदनशीलता—इन्हीं तीनों ने मिलकर आज एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना को होने से रोक दिया।
मध्यप्रदेश पुलिस — हर परिस्थिति में तत्पर, हर नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध।

0 Comments