मुरैना के बीहड़ों से तेंदुए का कंकाल बरामद, शिकार में इस्तेमाल फंदे भी जब्त; 10 तेंदुओं के शिकार में शामिल सभी 8 मुख्य शिकारी गिरफ्त में
भोपाल। मध्यप्रदेश में वन्यजीव तेंदुए के अवैध शिकार और तस्करी के संगठित गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में मध्यप्रदेश स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (STSF) को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएसएफ ने गिरोह के आठवें वांछित शिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर मुरैना जिले के बीहड़ों में गाड़कर रखा गया तेंदुए का कंकाल बरामद किया गया है। इसके अलावा तेंदुए के अन्य अंग और शिकार में इस्तेमाल किए गए फंदे भी जब्त किए गए हैं।
आगरा से जुड़े तार, अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार
अंतरराज्यीय वन्यजीव शिकार एवं तस्करी गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 23 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के आगरा में तेंदुए की 10 खालों के साथ शिकारी तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान इस गिरोह के तार मध्यप्रदेश से जुड़े पाए गए।
इसके बाद मध्यप्रदेश एसटीएसएफ और स्थानीय वन अमले की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में तेंदुए के अवयव बरामद किए गए और दो वन अपराध प्रकरण दर्ज किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों को विशेष न्यायालय, शिवपुरी से फॉरेस्ट रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर श्योपुर जिले से तेंदुए के दो अन्य अंग और शिकार में इस्तेमाल किए गए दो लेग होल्ड ट्रैप बरामद किए गए।
निशानदेही पर बीहड़ में मिला तेंदुए का कंकाल
आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर एसटीएसएफ ने गिरोह के आठवें वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मन्नू नाथ, निवासी ग्राम हासई, जिला मुरैना के रूप में हुई है।
आरोपी को विशेष न्यायालय से रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर मुरैना के बीहड़ क्षेत्र में जमीन में गाड़कर रखा गया वन्यजीव तेंदुए का कंकाल विधिवत बरामद कर जब्त किया गया। इसके साथ ही शिकार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की गई है।
10 तेंदुओं के शिकार में शामिल सभी 8 मुख्य शिकारी गिरफ्तार
एसटीएसएफ के इस विशेष अभियान में अब तक 10 तेंदुओं के शिकार में शामिल 8 मुख्य शिकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में तेंदुए के अवयव, शिकार में प्रयुक्त तीन फंदे और अन्य शिकार सामग्री बरामद की गई है।
सभी गिरफ्तार आरोपियों को विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में एसटीएसएफ और वन विभाग की जांच जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

0 Comments