गाडगे महाराज की प्रतिमा और सामुदायिक भवन की मांग लेकर विधायक से मिला रजक समाज, धर्मेंद्र रजक के एल्डरमैन बनने पर समाज ने जताया आभार, विधायक शैलेंद्र जैन ने मांगों पर सकारात्मक पहल का दिया भरोसा



सागर। धर्मेंद्र रजक को एल्डरमैन नियुक्त किए जाने पर रजक समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सागर विधायक शैलेंद्र जैन से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। समाजजनों ने धर्मेंद्र रजक की नियुक्ति पर खुशी जताते हुए इसे समाज के लिए सम्मान और प्रतिनिधित्व का महत्वपूर्ण अवसर बताया।
इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक शैलेंद्र जैन के समक्ष समाज से जुड़ी दो प्रमुख मांगें रखीं। पहली मांग संत शिरोमणि गाडगे महाराज की प्रतिमा स्थापित करने और उनके नाम पर चौराहे का नामकरण करने की रही। समाजजनों ने कहा कि संत गाडगे महाराज ने समाज सुधार, स्वच्छता और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया। ऐसे में सागर में उनकी प्रतिमा स्थापित होने और चौराहे का नाम उनके नाम पर रखे जाने से उनकी विचारधारा और सामाजिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
 इसके साथ ही रजक समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण की मांग भी विधायक के समक्ष रखी गई। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि सामुदायिक भवन बनने से सामाजिक, सांस्कृतिक और सामूहिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए समाज को स्थायी स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इससे समाज के लोगों को विभिन्न आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी।
समाजजनों ने विधायक से दोनों मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। विधायक शैलेंद्र जैन ने समाज की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक पहल और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

रजक समाज के प्रतिनिधियों ने एल्डरमैन के रूप में धर्मेंद्र रजक की नियुक्ति के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि समाज की लंबित मांगों को भी जल्द पूरा कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments