पुलिस लाइन सागर में 11वें प्रशिक्षण बैच का शुभारंभ, एक सप्ताह तक भीड़ प्रबंधन से लेकर आपातकालीन प्रतिक्रिया तक होगी ट्रेनिंग
सागर। आगामी सिंहस्थ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, बेहतर कानून-व्यवस्था और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सागर पुलिस द्वारा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस लाइन सागर में सिंहस्थ ड्यूटी के लिए 11वें प्रशिक्षण बैच का शुभारंभ किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने पुलिस लाइन स्थित हाल में किया। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी भी उपस्थित रहे।
इस प्रशिक्षण बैच में सागर जिले के 85 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम एक सप्ताह तक चलेगा, जिसमें सिंहस्थ ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, पुलिस-जन संवाद, संचार व्यवस्था तथा ड्यूटी के दौरान आवश्यक सावधानियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी का प्रशिक्षित, अनुशासित, सतर्क और संवेदनशील होना आवश्यक है।
प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिसकर्मियों को विभिन्न परिस्थितियों में टीम भावना और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने, त्वरित निर्णय लेने तथा आपात स्थिति में प्रभावी पुलिस प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार किया जा रहा है।
सागर पुलिस द्वारा सिंहस्थ ड्यूटी को लेकर लगातार प्रशिक्षण बैच आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ड्यूटी में तैनात होने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारी पूरी तैयारी, दक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
सागर पुलिस सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-केंद्रित सिंहस्थ व्यवस्था के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

0 Comments