रात में 700 से अधिक पुलिसकर्मी उतरे मैदान में, 330 से ज्यादा वैधानिक कार्रवाइयां

230 से अधिक वारंटियों और फरार आरोपियों पर कार्रवाई, 213 गुंडा-हिस्ट्रीशीटरों की हुई चेकिंग; एसपी अनुराग सुजानिया ने पूरी रात की मॉनिटरिंग

सागर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, फरार अपराधियों एवं वारंटियों की धरपकड़ तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में सागर पुलिस ने पूरे जिले में वृहद कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान जिलेभर में 700 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी रातभर मैदान में सक्रिय रहे।
अभियान के दौरान 112 स्थाई वारंटों और 200 गिरफ्तारी वारंटों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा धारा 170 BNSS के तहत 12 कार्रवाई, 9 अन्य फरार आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा अवैध शराब के 9 प्रकरण दर्ज किए गए। साथ ही 213 गुंडा एवं हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग की गई। जिलेभर में कुल 339 प्रमुख वैधानिक कार्रवाइयां की गईं।

कटरा बाजार से शुरू हुआ अभियान
कॉम्बिंग गश्त की शुरुआत कटरा बाजार से हुई, जहां पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने शहर के संपूर्ण पुलिस बल को स्वयं ब्रीफ किया। उन्होंने अभियान के उद्देश्य, प्राथमिकताओं और कार्रवाई की रणनीति के संबंध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वहीं, देहात क्षेत्र के पुलिस बल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देशित कर एक साथ रवाना किया गया। इसके बाद सागर शहर से लेकर जिले के दूरस्थ ग्रामीण एवं थाना क्षेत्रों तक पुलिस की टीमें एक साथ सक्रिय हो गईं।
पुलिस टीमों ने चिन्हित अपराधियों, वारंटियों, गुंडा एवं हिस्ट्रीशीटरों तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश देकर सघन चेकिंग और धरपकड़ की कार्रवाई की।

पूरी रात एसपी ने की मॉनिटरिंग

अभियान की सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने पूरी रात कार्रवाई की लगातार मॉनिटरिंग की। उन्होंने विभिन्न थाना क्षेत्रों में चल रही कार्रवाई की जानकारी ली और अधिकारियों से लाइव फीडबैक प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी भी लगातार मैदानी अधिकारियों के संपर्क में रहे और कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए टीमों को आवश्यक मार्गदर्शन देते रहे।
अपराधियों और असामाजिक तत्वों में मचा हड़कंप

पूरे जिले में एक साथ चलाए गए इस व्यापक अभियान से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों, अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हुई। पुलिस टीमों ने चिन्हित अपराधियों के घरों एवं संभावित ठिकानों पर दबिश दी। वहीं, गुंडा एवं हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग कर उनकी वर्तमान गतिविधियों एवं स्थिति का सत्यापन किया गया।

इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर थाना स्तर के अधिकारी-कर्मचारी तक पूरी रात मुस्तैदी के साथ मैदानी कार्रवाई में जुटे रहे।

एसपी अनुराग सुजानिया का स्पष्ट संदेश

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि सागर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार वारंटियों, अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि आमजन निर्भीक होकर रहें और अपराधियों को यह स्पष्ट संदेश है कि कानून की पकड़ से कोई भी बच नहीं सकता। पुलिस द्वारा इस प्रकार की अचानक, योजनाबद्ध और व्यापक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रखी जाएगी।

Post a Comment

0 Comments