ग्वालियर में 100 करोड़ के ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़: विंडसर हिल्स से 5 आरोपी गिरफ्तार, दुबई-श्रीलंका से जुड़े तार


ग्वालियर / ग्वालियर की साइबर क्राइम विंग ने ऑनलाइन सट्टा, गैम्बलिंग और फर्जी बैंक खातों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने विंडसर हिल्स स्थित एक किराये के डुप्लेक्स में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 23 मोबाइल फोन, 37 सिम कार्ड, 11 एटीएम कार्ड, 3 लैपटॉप और 6 पासबुक सहित भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
100 पैनल वेबसाइट्स से चल रहा था सट्टा
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लगभग 100 अलग-अलग पैनल वेबसाइट्स के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा और गैम्बलिंग का संचालन कर रहे थे। जब्त किए गए मोबाइल फोनों से कई संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनकी साइबर टीम गहनता से जांच कर रही है।

सालाना 100 करोड़ का टर्नओवर
प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए हर महीने करीब 7 से 8 करोड़ रुपये का लेन-देन किया जा रहा था। इस आधार पर पुलिस का अनुमान है कि यह पूरा रैकेट सालाना लगभग 100 करोड़ रुपये के अवैध वित्तीय लेन-देन को अंजाम दे रहा था।

अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े हैं तार
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे दुबई और श्रीलंका में बैठे आकाओं के सीधे संपर्क में थे। ग्वालियर से इस पूरे सिंडिकेट को ऑपरेट किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से सख्त पूछताछ कर रही है, जिससे इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और मुख्य सरगनाओं के नाम सामने आने की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments