जहरीली शराब कांड: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सख्त, बोले—दोषी बख्शे न जाएं, आरोपियों पर चले फांसी और आजीवन कारावास का कानून, सागर के बीएमसी पहुंचे सीएम ने पीड़ितों का जाना हाल; अधिकारियों को दिए फ्री-हैंड निर्देश, कहा—निर्दोष न फंसे, अफवाह फैलाने वालों पर हो कठोर कार्रवाई

 सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में अवैध व जहरीली शराब के सेवन से हुई दुखद मौतों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ बेहद कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) के सभागार में पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कांड में शामिल निचले स्तर से लेकर शीर्ष अधिकारियों-कर्मचारियों तक पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीएम ने कहा, "राज्य शासन अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ Zero Tolerance की नीति पर काम कर रहा है। अवैध शराब के अवैध साम्राज्य और अतिक्रमणों को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए।"
फांसी और आजीवन कारावास तक का प्रावधान
अस्पताल में भर्ती पीड़ितों का हाल-चाल जानने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसी घटनाओं को लेकर बेहद सख्त है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समय बनाए गए कड़े कानून का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जहरीली शराब कांडों में धारा 49 और 304 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आजीवन कारावास से लेकर फांसी तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने प्रशासन को 'फ्री-हैंड' देते हुए कहा कि ऐसी मिसाली कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई दोबारा ऐसा दुस्साहस न कर सके।
बैठक के मुख्य बिंदु और कड़े निर्देश:
गहन जांच और छापेमारी: जिले के साथ-साथ पड़ोसी जिलों और राज्य की सीमाओं (बॉर्डर) से सटे क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाकर अवैध जहरीली शराब की सामग्री जब्त की जाए।
निष्पक्षता का ध्यान: अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हो, लेकिन विवेकशीलता बनाए रखें ताकि कोई भी निर्दोष व्यक्ति न फंसे।

अफ़वाहबाज़ों पर नज़र: सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से शांति व सौहार्द बिगाड़ने की नीयत से अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखकर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
व्यापक नशा मुक्ति अभियान: शराब वैध हो या अवैध, इसके दुष्प्रभावों से समाज को बचाने के लिए धार्मिक, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) को जोड़कर प्रदेशभर में जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
बैठक में दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, रहली विधायक गोपाल भार्गव, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह, सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, बंडा विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी, बीना विधायक निर्मला सप्रे, देवरी विधायक ब्रज बिहारी पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी सहित कमिश्नर दिलीप कुमार, डीआईजी एसएस चौहान, कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया समेत बीएमसी के डॉक्टर्स व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments