अंत्योदय के सपने को साकार करने मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता योजना का हो रहा शुभारंभ - मंत्री राजपूत



दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर जैसीनगर में सी.एम. डॉ. मोहन यादव करेंगे मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता योजना का शुभारंभ 
सागर /गुरुवार 25 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का सुरखी विधानसभा के जैसीनगर आएंगे। इसके संबंध में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। राजपूत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महान चितक, कुशल संगठनकर्ता, विश्व को एकात्म मानववाद का सिध्दांत देने वाले, साहित्यकार पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय के मंत्र के साथ मजबूत भारत के निर्माण का सपना देखा था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार उनके बताए मार्ग पर चलते हुए काम कर रही है। पं. दीनदयाल ने कहा था कि राष्ट्रवाद हमारी प्रेरणा है, अंत्योदय हमारा लक्ष्य है।

 मंत्री राजपूत ने बताया कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को साकार करने लिए उनकी जन्म जयंती पर खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता योजना की शुरुआत हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना से उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सार्वजनिक उचित मूल्य दुकानों से वितरित होने वाले राशन की पूरी प्रकिया को पारदर्शी बनाया जाएगा।
उपभोक्ताओं में आपका राशन आपका अधिकार के तहत जागरूकता लाने के लिए समय-समय पर चरणबद्ध रूप से उपभोक्ता जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री जैसीनगर में आपका राशन आपका अधिकार के तहत अन्य सुरक्षा संकल्प समारोह एवं करोड़ों की लागत के विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण करेंगे।
मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में लोगों को आमंत्रित करने व्यवस्थाओं की देखरेख एवं मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए पूरी तत्परता से योगदान दें। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती एवं मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों में कोई कमी ना हो। हर व्यवस्था सुदृढ़ हो। उन्होंने क्षेत्र वासियों से आग्रह किया की अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सभी मोर्चा अध्यक्ष एवं ऊर्जावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments