सागर/ डॉक्टर हरीसिंह सिंह गौर विश्वविद्यालय सागर में शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर विश्वविद्यालय के सभागार में शिक्षक दिवस पर्व का आयोजन किया गया । आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में सागर लोक सभा सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विशिष्ट अतिथि सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता, कुलसचिव डॉ. एस. पी. उपाध्याय मंचासीन थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कन्हैयालाल बेरवाल ने की ।
इस अवसर पर डॉ. लता वानखेड़े ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक दिवस एक तरह से आभार दिवस है जिसमें गुरुओं के प्रति आभार प्रकट किया जाता है । उन्होंने कहा कि मैंने इसी विश्वविद्यालय से शिक्षा पाई है. डॉ. गौर ने बुंदेलखंड में इस विश्वविद्यालय की स्थापना पर शिक्षा का दीप जलाया था। यहाँ से पढ़कर लाखों विद्यार्थियों ने ज्ञान का प्रकाश चारों ओर फैलाया है। हम अपने संस्थापक के प्रति नत मस्तक हैं । देश के लिए शोध एवं अनुसन्धान के महत्त्वपूर्ण केंद्र के रूप में यह विश्वविद्यालय और प्रगति करे, यही मेरी कामना है ।
विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि शिक्षकों पर समाज निर्माण का दायित्व हमेशा रहता है. शिक्षक कभी रिटायर नहीं होता । उसकी भूमिका और सक्रियता की आजीवन आवश्यकता समाज में बनी रहती है । हमारा कर्तव्य है कि हम डॉ. गौर के इस विश्वविद्यालय को और अधिक आलोकित करें। उन्होंने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं । उन्होंने विश्वविद्यालय में बीएस सञ्चालन की शुभकामनाएं एवं बधाई दीं । विश्वविद्यालय को कई नई बसों को उपलब्ध कराने और बस स्टॉप निर्माण के माध्यम से सहयोग का आश्वासन दिया ।
कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता ने कहा कि एक शिक्षक के रूप में जब किसी को सेवा करने का अवसर मिलता है तब वह उसके जीवन में एक रूपांतरण लेकर आता है । उसके पहले वह विद्यार्थी और शोधार्थी की भूमिका में होता है । शिक्षक बनने के बाद एक नए दायित्व का बोध होता है और इस दायित्व बोध के साथ कार्य करने की जिम्मेदारी शिक्षक पर होती है । शिक्षक ही राष्ट्र के निर्माण में अपनी महती भूमिका निभाते हैं । आज समय बहुत बदल गया है, तकनीक बदल गई है । ऐसे में शिक्षकों को अपने आप में बहुत बदलाव लाने पड़ते हैं । विश्वविद्यालय की प्रगति में शिक्षकों और अधिकारियों के संयुक्त प्रयास में बड़ी भूमिका रही है । ई गर्वनेंस, नैक में ए प्लस ग्रेड सहित कई उपलब्धियां हम सबके साझा प्रयास का परिणाम हैं ।
कुलाधिपति कन्हैयालाल बेरवाल ने कहा कि आज के समय में शिक्षकों और छात्रों के बीच दूरियां बढ़ गई हैं । कक्षाओं में विद्यार्थियों का आना आने वाले समय के लिए शुभ संकेत नहीं है । अब शिक्षकों को विद्यार्थियों तक भी पहुंचना होगा । उन्हें कक्षाओं में आने के लिए प्रेरित करना होगा । पात्र विद्यार्थियों को खोजना भी शिक्षक की जिम्मेदारी है. शिक्षक समाज के अंतिम जन के बेहतर जीवन के लिए प्रयास करें, ऐसी उम्मीद शिक्षकों से है ।
नवनिर्मित सरोजिनी नायडू भवन का लोकार्पण
विश्वविद्यालय में अंग्रेजी एवं यूरोपियन भाषा विभाग के नवीन नवनिर्मित भवन सरोजनी नायडू का लोकार्पण किया गया । सांसद डॉ. लता वाखेडे, नगर विधायक शैलेन्द्र जैन विश्वविद्यालय कुलाधिपति श्री के. एल. बेरवाल एवं कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता के कर कमलों से भवन का लोकार्पण संपन्न हुआ । इस अवसर पर विभाग के विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे ।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर केन्द्रित 12 पुस्तकों का विमोचन
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर केंद्रित 12 संपादित पुस्तकों का विमोचन किया गया ।पुस्तकों का सम्पादन विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकों द्वारा किया गया है ।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर केन्द्रित वीडियो श्रृंखला का विमोचन
कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर केन्द्रित वीडियो श्रृंखला का विमोचन किया गया । यह वीडियो श्रृंखला कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता से विभिन्न शिक्षकों द्वारा की गई वार्ता पर केन्द्रित है जिसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के सभी पहलू शामिल हैं । यह श्रृंखला विश्वविद्यालय के गौर प्लस यू ट्यूब चैनल पर उपलब्ध हैं । यह वीडियो देश के अन्य विश्वविद्यालयों के लिए भी मार्गदर्शी सिद्ध होंगे । प्रो. नवीन कानगो ने श्रृंखला के इस बारे में जानकारी साझा की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवानी मीणा ने किया एवं आभार प्रो. डी के नेमा ने व्यक्त किया । कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे ।
निवर्तमान शिक्षकों का हुआ सम्मान
विश्वविद्यालय के पिछले अकादमिक सत्र के निवर्तमान शिक्षकों का मंच पर कुलपति द्वारा सम्मान किया गया । निवर्तमान शिक्षकों में प्रो. पी.के. कथल, प्रो. ए. पी मिश्रा, प्रो. जे के जैन, प्रो. जी एल पुणताम्बेकर, प्रो. एच थॉमस, प्रो. ए डी शर्मा, प्रो. ए पी त्रिपाठी थे जिनमें से उपस्थित शिक्षकों का सम्मान किया गया।
विश्वविद्यालय में बस सेवा शुरू, हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया, कुलपति ने की वैली कैम्पस तक की यात्रा
विश्वविद्यालय में नई बस सेवा की शुरुआत मुख्य अतिथि सागर लोक सभा सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विशिष्ट अतिथि सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कन्हैयालाल बेरवाल, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता द्वारा हरी झण्डी दिखा कर की गई कुलपति ने विवि के शिक्षकों एवं अधिकारियों के साथ वैली कैम्पस तक यात्रा की । यह बस सेवा विद्यार्थियों के लिए निशुल्क रहेगी जो सुबह 8 :30 बजे गौर भवन से वैली कैम्पस एवं विश्वविद्यालय परिसर में संचालित होगी । इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उपस्थित रहकर उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं विश्वविद्यालय एवं कुलपति के प्रति आभार प्रकट किया।

0 Comments