कटनी / मध्यप्रदेश की खनिज राजधानी के रूप में पहचान बना चुका कटनी जिला अब देश के रणनीतिक और भविष्य की तकनीकों में उपयोग होने वाले दुर्लभ खनिजों का नया केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है। डोलोमाइट, लाइमस्टोन, बॉक्साइट और बेस मेटल जैसी खनिज संपदा के लिए प्रसिद्ध यह जिला अब टाइटेनियम और वेनेडियम जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण खनिजों की संभावनाओं के कारण राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
कटनी जिले के बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्लीमनाबाद क्षेत्र में पूर्व में गोल्ड और बेस मेटल के संकेत मिलने के बाद अब भूवैज्ञानिक अध्ययनों ने यहां टाइटेनियम, वेनेडियम, एलुमिना और लैटेराइट जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की मौजूदगी की संभावनाओं को मजबूत किया है। यदि वैज्ञानिक सर्वेक्षण में इन संकेतों की पुष्टि होती है, तो यह खोज न केवल कटनी बल्कि पूरे देश के औद्योगिक और रणनीतिक भविष्य को नई दिशा दे सकती है।
कटनी और जबलपुर की सीमा पर तैयार हुआ विशाल कंपोजिट ब्लॉक
राज्य शासन द्वारा इस क्षेत्र में खनिज संभावनाओं के दोहन के लिए छपरा, निमास और देवरी गांवों को शामिल करते हुए लगभग 400 हेक्टेयर क्षेत्रफल का एक कंपोजिट ब्लॉक तैयार किया गया है। इसमें लगभग 200 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र अकेले कटनी जिले की सीमा में आता है, जिससे इस परियोजना में जिले की भूमिका और महत्व दोनों बढ़ गए हैं।
जल्द शुरू होगी ई-नीलामी और वैज्ञानिक सर्वेक्षण की प्रक्रिया
राज्य सरकार इस ब्लॉक के लिए शीघ्र ही प्रॉस्पेक्टिंग लाइसेंस (Prospecting License) प्रदान करने हेतु पारदर्शी ई-नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ करने जा रही है। नीलामी के बाद चयनित एजेंसी आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक उपकरणों की सहायता से विस्तृत भू-वैज्ञानिक अन्वेषण करेगा । इस सर्वेक्षण के माध्यम से यह निर्धारित किया जाएगा कि धरती के भीतर कौन-से खनिज किस गहराई पर और कितनी मात्रा में उपलब्ध हैं। यही अध्ययन भविष्य के व्यावसायिक खनन की दिशा तय करेगा।
इसलिए महत्वपूर्ण हैं टाइटेनियम और वेनेडियम
टाइटेनियम और वेनेडियम को दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक खनिजों में गिना जाता है। इनका उपयोग अंतरिक्ष एवं उपग्रह तकनीक, रक्षा उपकरण निर्माण, विमान और मिसाइल उद्योग, इलेक्ट्रिक वाहनों, ऊर्जा भंडारण प्रणालियों, सेमीकंडक्टर और हाई-टेक इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल उपकरण एवं विशेष मिश्र धातुओं के निर्माण में किया जाता है।
भारत वर्तमान में इन खनिजों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए बड़े स्तर पर आयात पर निर्भर है। ऐसे में यदि कटनी की धरती में इनके व्यावसायिक भंडार की पुष्टि होती है, तो यह देश की आत्मनिर्भरता और रणनीतिक क्षमता को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम होगा।
कटनी में खुलेगा निवेश और रोजगार का नया अध्याय
खनिज विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में यदि इन दुर्लभ खनिजों का व्यावसायिक खनन प्रारंभ होता है, तो कटनी और बहोरीबंद क्षेत्र में हजारों करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं पैदा होंगी। इसके साथ ही परिवहन, प्रसंस्करण, औद्योगिक इकाइयों और सहायक सेवाओं के विकास से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी निर्मित होंगे।
खनिज हब से क्रिटिकल मिनरल हब बनने की ओर कटनी
अब तक डोलोमाइट और सीमेंट उद्योग की पहचान रखने वाला कटनी जिला तेजी से देश के उभरते क्रिटिकल मिनरल कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा बनता दिखाई दे रहा है। स्लीमनाबाद क्षेत्र में रेयर अर्थ और रणनीतिक खनिजों की संभावनाएं इस बात का संकेत हैं कि आने वाले वर्षों में कटनी केवल मध्यप्रदेश की खनिज राजधानी ही नहीं, बल्कि भारत की तकनीकी और औद्योगिक आत्मनिर्भरता की यात्रा का भी एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।
यदि धरती के गर्भ में छिपे इन संकेतों की पुष्टि होती है, तो यह खोज केवल एक खनिज उपलब्धि नहीं होगी, बल्कि कटनी के आर्थिक भविष्य और भारत की रणनीतिक शक्ति के लिए एक नए युग की शुरुआत साबित होगी।
#MP #CMMadhyaPradesh
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni

0 Comments