भोपाल / सराफा व्यापारी से हुई करोड़ों रुपये की लूट का रतलाम पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
वारदात 13 अगस्त की रात थाना बिलपांक क्षेत्र के हनुमान चौकी-उमरथाना फंटा के पास हुई थी। बड़नगर से रतलाम लौट रहे सराफा व्यापारी से बस में सवार बदमाशों ने मारपीट कर आभूषण और नकदी से भरा बैग लूट लिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर 300 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज, साइबर तकनीकी साक्ष्यों और भौतिक सबूतों का विश्लेषण किया। बस चालक, परिचालक और अन्य लोगों से पूछताछ के साथ संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
जांच के दौरान 15 अगस्त को हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में आरोपियों के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से 238 नग सोने के आभूषण, वजन 4.167 किलोग्राम और 183 नग चांदी के आभूषण, वजन 4.047 किलोग्राम बरामद किए गए। कुल 421 नग आभूषणों का वजन 8.214 किलोग्राम है। बरामद संपत्ति की कीमत करीब 5.50 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
300+ CCTV | साइबर तकनीक | 48 घंटे में खुलासा | 6 आरोपी गिरफ्तार | 5.50 करोड़ का माल बरामद

0 Comments