संबल कार्ड न होने पर भी मिलेगी सहायता
अस्पताल में मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि सरकार इस दुखद घटना को लेकर बेहद गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन पीड़ित परिवारों के पास 'संबल कार्ड' नहीं है, उन्हें भी नियमानुसार राहत राशि प्रदान की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि इस संकट की घड़ी में पीड़ितों को किसी आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े।आंखों की गंभीर समस्या, 3 मरीज भोपाल रेफर
निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों ने मंत्री को बताया कि भर्ती मरीजों में से सुनील विश्वकर्मा, सुल्तान सिंह और गोविंद अहिरवार की आंखों में गंभीर समस्या आ रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंत्री ने तुरंत दूरभाष पर भोपाल AIIMS के डॉक्टरों से संपर्क किया और तीनों मरीजों को बेहतर इलाज के लिए तत्काल भोपाल भेजने की व्यवस्था कराई। उन्होंने कहा कि इलाज का पूरा खर्च और व्यवस्थाएं सरकार उठाएगी।
शराब माफिया की कमर तोड़ दी: मंत्री
पुलिस व प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, "शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है और प्रशासन ने अवैध कारोबारियों की कमर तोड़ दी है।" अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 25 साल के करियर में उन्होंने या उनके परिवार ने कभी जुआ, सट्टा या शराब जैसे सामाजिक अपराधों का समर्थन या संरक्षण नहीं किया है।
जल्द होगी उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
मंत्री राजपूत ने बताया कि घटना, मरीजों के उपचार, राहत वितरण और आरोपियों पर की गई कानूनी कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा के लिए जल्द ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।

0 Comments