सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में 'हाथी महोत्सव' का भव्य शुभारंभ: 7 दिनों तक हाथियों को मिलेगा विशेष विश्राम और पोषण

भोपाल/ सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा में तैनात हमारे गजराजों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र कल्याण को समर्पित 7 दिवसीय "हाथी महोत्सव" का शुभारंभ हो चुका है। 

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के कामती परिक्षेत्र स्थित खरेर कैंप में 14 से 20 सितंबर 2026 तक सात दिवसीय "हाथी महोत्सव" का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा ने वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में किया। इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य वनों की सुरक्षा में तैनात हमारे गजराजों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र कल्याण का ध्यान रखना है।
महोत्सव के दौरान रिजर्व के 6 गश्ती हाथियों को उनके नियमित प्रबंधन कार्यों से पूरी तरह विश्राम दिया गया है।
इन सात दिनों में जबलपुर के वन्यजीव स्वास्थ्य एवं फॉरेंसिक विशेषज्ञों के सहयोग से हाथियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण, लंबाई-ऊंचाई का मापन और आवश्यकतानुसार दांतों की ट्रिमिंग की जा रही है। इसके साथ ही, उन्हें प्रतिदिन नीम और अरंडी के तेल से मालिश दी जा रही है तथा गन्ने, मक्के, नारियल और मौसमी फलों से युक्त पौष्टिक व मनपसंद आहार परोसा जा रहा है।
यह आयोजन केवल हाथियों तक सीमित न रहकर वर्षों से समर्पित भाव से कार्य कर रहे महावतों और चाराकटरों के कल्याण पर भी केंद्रित है। उनके स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ उनके मनोरंजन के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसका समापन कबड्डी और रस्साकशी प्रतियोगिता के साथ होगा। यह महोत्सव इंसानों और हाथियों के बीच वर्षों पुराने आत्मीय, भावनात्मक संबंध और आपसी विश्वास को और मजबूत बनाने की एक सराहनीय पहल है।

Post a Comment

0 Comments